खबर पक्की, 1 सितंबर, रतलाम। मंगलवार दोपहर ट्रैफिक पुलिस ने तेज आवाज करने वाले मोडिफाई साइलेंसर वाली बुलेट के खिलाफ कार्रवाई की। सैलाना बस स्टैंड पर चेकिंग के दौरान पुलिस को देखकर एक बुलेट सवार ने बाइक तेज दौड़ा दी। उसे पकडऩे के लिए ट्रैफिक सूबेदार अनोखीलाल परमार ने पीछे दौड़ लगाई, लेकिन बुलेट सवार तेज गति से भाग निकला।
दोपहर करीब 3 बजे ट्रैफिक थाना प्रभारी हेमंत पाटीदार, सूबेदार अनोखीलाल परमार और ट्रैफिक जवानों ने सैलाना बस स्टैंड पर चेकिंग शुरू की। इस दौरान बुलेट चालकों को रोककर उनके साइलेंसर की जांच की गई।
फटाके जैसी आवाज करने वाले मोडिफाई साइलेंसर वाली बुलेट को गैरेज ले जाकर साइलेंसर खुलवाए गए और उन्हें जब्त किया गया। करीब 10 बुलेट चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 5 हजार रुपए का चालान किया। पुलिस के अनुसार करीब 100 साइलेंसर जब्ती में लेने के बाद इन पर बुलडोजर चलाया जाएगा।
पुलिस को देखकर बुलेट लेकर भागे दो युवक
चेकिंग के दौरान पुलिस ने बुलेट पर सवार दो युवकों को रुकने के लिए आवाज लगाई। लेकिन दोनों महाराणा प्रताप चौराहे से चर्च की तरफ बाइक लेकर भाग गए। ट्रैफिक सूबेदार ने उन्हें पकडऩे के लिए दौड़ लगाई। दो अन्य जवान भी बाइक से उनके पीछे गए।
बुलेट सवार चर्च की तरफ से मसीही स्कूल परिसर की एक छोटी गली से होकर निकल गए। पुलिस उन्हें पकड़ नहीं सकी।
अलग-अलग समय पर होगी चेकिंग
ट्रैफिक थाना प्रभारी हेमंत पाटीदार ने बताया कि मोडिफाई साइलेंसर वाली बुलेट के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। इसके लिए सुबह और शाम अलग-अलग समय पर चेकिंग की जाएगी।
चेकिंग में पुलिस को देख भगाई बुलेट, सूबेदार ने पकडऩे के लिए लगाई दौड़, 10 बुलेट वालों के मोडीफाई साइलेंसर पर जुर्माना
