खबर पक्की, 25 अगस्त, रतलाम। रक्षाबंधन पर्व को दृष्टिगत रखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता की जांच की जा रही है। इसी क्रम में आज 25 अगस्त को जावरा स्थित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमती ज्योति बघेल द्वारा गुना चौक, जावरा स्थित अग्रवाल मिष्ठान भंडार का निरीक्षण किया गया। मौके पर मावा एवं सेव के नमूने जांच हेतु लिए गए। प्रतिष्ठान संचालक को परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने तथा खाद्य लाइसेंस प्रमुखता से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए।
इसी क्रम में 54, सोमवारिया बाजार, जावरा स्थित अरोड़ा नमकीन सेंटर का निरीक्षण किया गया। यहां खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत सेव एवं पेड़ा के नमूने जांच हेतु लिए गए। मौके पर प्रतिष्ठान संचालक से पेस्ट कंट्रोल रिकॉर्ड, मेडिकल सर्टिफिकेट, पानी की टेस्टिंग रिपोर्ट सहित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमती ज्योति बघेल ने बताया कि दोनों प्रतिष्ठानों से लिए गए कुल चार नमूनों को जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
रक्षाबंधन पर्व को लेकर खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण, मावा एवं सेव सहित चार नमूने लिए
