खबर पक्की, 25 अगस्त, रतलाम। एसपी अमित कुमार के निर्देशन में पुलिस ने जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 2.495 किलोग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एक कार भी जब्त की है। बरामद एमडी ड्रग्स और कार की कुल अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ 70 लाख रुपए बताई गई है।
यह कार्रवाई थाना कालूखेड़ा पुलिस ने मावता चौकी क्षेत्र में मुखबिर की सूचना पर की। पुलिस की नाकाबंदी देखकर कार सवार आरोपी वाहन लेकर भाग निकले। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया, लेकिन आरोपी बिलंदपुर-चिपिया के जंगल क्षेत्र में कार छोड़कर झाडिय़ों और जंगल का फायदा उठाते हुए फरार हो गए।
बेहपुर-मंदसौर की ओर से आने की मिली थी सूचना
पुलिस के अनुसार, मावता चौकी प्रभारी उप निरीक्षक दिनेश राठौर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि काले रंग की हुंडई क्रेटा कार में लखन मीणा निवासी भाकरखेड़ी और उसके तीन साथी बड़ी मात्रा में एमडी ड्रग्स लेकर बेहपुर-मंदसौर की ओर से मावता होते हुए रियावन की तरफ आने वाले हैं।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया और पंचों व पुलिस बल के साथ रानीगांव फंटे पर नाकाबंदी की गई। कुछ समय बाद मुखबिर के बताए अनुसार काले रंग की क्रेटा कार आती दिखाई दी।
पुलिस को देखकर कार भगाई, जंगल में छोड़कर फरार
पुलिस टीम ने कार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक वाहन को तेज गति से रियावन की ओर भगा ले गया। पुलिस ने पीछा किया तो आरोपी कार को रियावन से चिपिया होते हुए बिलंदपुर जाने वाले कच्चे और उबड़-खाबड़ रास्ते पर ले गए।
आगे जंगल क्षेत्र में आरोपी कार छोड़कर भाग निकले। कार में सवार लखन मीणा, चालक और दो अन्य साथी झाडिय़ों और जंगल की ओर फरार हो गए। पुलिस ने आसपास के खेतों और जंगल में सघन सर्चिंग की, लेकिन अंधेरे और घनी झाडिय़ों का फायदा उठाकर आरोपी फरार होने में सफल रहे।
ड्राइवर सीट के नीचे मिली 2 किलो 495 ग्राम एमडी
पंचों की मौजूदगी में छोड़ी गई कार की तलाशी लेने पर ड्राइवर सीट के नीचे एक हरे रंग की कपड़े की थैली मिली। थैली के अंदर तीन पारदर्शी प्लास्टिक की थैलियां रखी हुई थीं, जिनमें हल्के भूरे रंग का डल्लीनुमा और क्रिस्टलनुमा पदार्थ मिला।
नियमानुसार जांच और तौल करने पर तीनों पैकेटों में कुल 2 किलो 495 ग्राम एमडी ड्रग्स पाई गई। पुलिस ने मादक पदार्थ को विधिवत जब्त कर प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार बरामद एमडी ड्रग्स की अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ 50 लाख रुपए है, जबकि जब्त क्रेटा कार की कीमत करीब 20 लाख रुपए है। इस तरह कुल जब्त मशरूका करीब 2 करोड़ 70 लाख रुपए का है।
चार आरोपी फरार
पुलिस ने मामले में लखन मीणा निवासी भाकरखेड़ी, कार चालक और उसके दो अन्य साथियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत अपराध दर्ज किया है। चालक और अन्य दो आरोपियों की पहचान की जा रही है।
पुलिस अब एमडी ड्रग्स के स्रोत, सप्लायर, संभावित खरीदारों और पूरे सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुटी है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश और सर्चिंग की जा रही है।
पुलिस ने एमडी ड्रग्स की बड़ी खेप पकड़ी गई, 2.495 किलो ड्रग्स जब्त, पुलिस को देख कार भगाई, पीछा करने पर कार छोड़ जंगल में भागे तस्कर, 2.70 करोड़ का सामान बरामद
