खबर पक्की, 25 अगस्त, रतलाम। डीईओ आबकारी विभाग श्री विकास मंडलोई ने बताया कि कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया के आदेशानुसार आबकारी विभाग ने शराब के अवैध कारोबार के विरुद्ध अभियान शुरु कर दिया है।
अभियान के अंतर्गत अवैध शराब विक्रय एवं मदिरापान करने वालों के साथ-साथ शराब दुकानों के आसपास खड़े होकर शराब पीने एवं गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध विभिन्न क्षेत्रों में संचालित कंपोजिट मदिरा दुकानों के आसपास कार्रवाई की गई।
अभियान के अंतर्गत शहर की शराब दुकानों महू बस स्टेण्ड, शहर सराय, सज्जन मिल, बड़बड़, साला खेड़ी, पावर हाउस, स्टेशन रोड आदि क्षेत्रों में सघन चेकिंग की गई। दुकान के आसपास रोड एवं सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण कायम किए गए।
शराब दुकानों के आसपास मदिरापान की सुविधा प्रदान करने वाले गुमटी संचालकों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई तथा गुमटियों को बंद कराया गया। शराब दुकान संचालकों को दुकान पर साफ-सफाई व्यवस्था बनाए रखने एवं दुकान के आसपास ग्राहकों द्वारा शराब का सेवन नहीं किए जाने के संबंध में सख्त चेतावनी दी।
अभियान के अंतर्गत चटका ढाबा गांधीनगर, विनोबा नगर, देशी हांडी ढाबा बिरियाखेड़ी, विजिलेंस ढाबा बिरियाखेड़ी एवं जुलवानिया रोड क्षेत्र में कार्रवाई की गई तथा आबकारी अधिनियम के तहत 5 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए।
डीईओ आबकारी विभाग श्री मंडलोई ने बताया कि ऐसे अभियान आगे भी नियमित रूप से चलाए जाएंगे ताकि सार्वजनिक स्थलों पर मद्यपान एवं असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
शराब के अवैध कारोबार के विरुद्ध आबकारी विभाग की कार्यावाही, आबकारी अधिनियम के तहत 5 प्रकरण पंजीबद्ध किए
