खबर पक्की, 21 नवंबर, रतलाम। इंदिरा नगर क्षेत्र में शनिवार का सूरज अपने साथ ऐसा सन्नाटा और गहरा शोक लेकर आया, जिसने हर आंख को नम कर दिया। रोहतक (हरियाणा) में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में जान गंवाने वाले करमजीत सिंह सिंधु, उनकी पत्नी पवनदीप कौर और बड़े बेटे अमरिंदर सिंह की पार्थिव देह जब शनिवार को उनके निवास स्थान इंदिरा नगर पहुंची, तो समूचा क्षेत्र शोक के सागर में डूब गया।
घर के आंगन में एक साथ रखे तीन पार्थिव शरीरों को देखकर बुजुर्ग पिता सरदार मेजर सिंह और माता के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे, वहीं छोटे बेटे गुरविंदर सिंह सिद्धू पर माता-पिता और बड़े भाई को एक साथ खोने का पहाड़ टूट पड़ा था। निवास स्थान पर सतनाम वाहेगुरु की गूंज रही। गुरुद्वारे के ज्ञानी मान सिंह जी ने अंतिम अरदास पढ़ी। इसके पश्चात तीनों की अर्थियां उठाई गई।
जब घर से एक साथ तीन अर्थियां उठीं, तो वहां मौजूद हर शख्स स्तब्ध रह गया और माहौल कारुणिक चीत्कार से गूंज उठा। जवाहर नगर मुक्तिधाम पर नम आंखों के बीच छोटे बेटे गुरविंदर सिंह सिद्धू ने अपने माता-पिता और बड़े भाई को मुखाग्नि दी। अंतिम विदाई के इस हृदयविदारक दृश्य को देखकर मुक्तिधाम में मौजूद हर व्यक्ति की आंखें भर आईं।
एक साथ उठीं तीन अर्थियां, बेटे गुरविंदर सिंह ने दी मुखाग्नि
