• Sat. Nov 21st, 2026

जुआ खेलते 9 जुआरी पकड़ाए : 1.85 लाख रुपए नगदी मिली, भागने में दो के टूटे पैर, पैदल निकाला जुलूस

BySurendra Jain

Nov 21, 2026

खबर पक्की, 21 नवंबर, रतलाम। लालगुवाड़ी गांव में शुक्रवार रात जुए के अड्डे पर दबिश देने पहुंची पुलिस को देखकर 9 जुआरी भागने लगे। पुलिस ने सभी को पकड़ लिया, लेकिन जुआ अड्डा संचालक राजू टांक और एक अन्य जुआरी पीयूष जैन दौड़ते समय गिरकर घायल हो गए।
दोनों के पैर में फ्रैक्चर हुआ है। पुलिस ने मौके से 1 लाख 85 हजार रुपए नकद, ताश के पत्ते, तीन वाहन और जुआ खेलने में इस्तेमाल होने वाला सामान जब्त किया है। शनिवार दोपहर आरोपियों को कोर्ट ले जाते समय पुलिस वाहन बाजना बस स्टैंड के पास खराब हो गया। इसके बाद पुलिस कुछ दूर तक आरोपियों को पैदल जुलूस के रूप में लेकर चली।
एएसपी राकेश पंद्रों ने बताया कि शुक्रवार रात डीडी नगर थाना क्षेत्र के लालगुवाड़ी में जुआ खेले जाने की सूचना मिली थी। इस पर डीडी नगर और माणकचौक थाने की संयुक्त टीम बनाई गई। रात करीब 12 बजे सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया, डीडी नगर थाना प्रभारी अनुराग यादव और माणकचौक थाना प्रभारी विक्रमसिंह चौहान ने टीम के साथ मंदिर के पास बने पतरे के शेड में दबिश दी।
पुलिस को देखते ही जुआरी भागने लगे। पुलिस ने मौके से 9 लोगों को पकड़ा। इनमें जुआ अड्डा संचालित करने वाला राजू टांक (40) और पीयूष जैन (35) भी शामिल हैं। दोनों भागने के दौरान गिर गए, जिससे उनके पैर में फ्रैक्चर हो गया।
धार और झाबुआ के लोग भी खेल रहे थे जुआ
पुलिस ने मौके से 1.85 लाख रुपए नकद, ताश के पत्ते, बैटरी, हेलोजन लाइट और वायर जब्त किए हैं। इसके अलावा बिना नंबर की सुजुकी एक्सेस स्कूटी, एमपी 43 डीएम 3268 नंबर की बाइक और गुजरात पासिंग कार जीजे 19 एएफ 2965 भी जब्त की गई है। पकड़े गए लोगों में रतलाम के अलावा धार और झाबुआ जिले के निवासी भी शामिल हैं।
थाने में आरोपियों से मिलने पहुंचे लोग
कार्रवाई के बाद थाने में आरोपियों से मिलने वालों का जमावड़ा लगा रहा। दोपहर में एएसपी राकेश पंद्रों, एएसपी ग्रामीण विवेक कुमार और सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया थाने पहुंचे। अधिकारियों के पहुंचने से पहले ही वहां मौजूद कई लोग चले गए।
वाहन खराब हुआ तो पैदल लेकर निकली पुलिस
शनिवार दोपहर करीब 3 बजे पुलिस आरोपियों को कोर्ट ले जाने के लिए निकली। रास्ते में बाजना बस स्टैंड के पास पुलिस वाहन खराब हो गया। इसके बाद पुलिस आरोपियों को कुछ दूर तक पैदल लेकर चली। बाद में दूसरा वाहन आने पर सभी को उसमें बैठाकर कोर्ट पहुंचाया गया। डीडी नगर थाना प्रभारी अनुराग यादव के मुताबिक, सभी 9 आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। मुख्य आरोपी राजू टांक के खिलाफ पहले से अवैध शराब और मारपीट के 7 से 8 मामले दर्ज हैं।
ये 9 आरोपी गिरफ्तार
राजू टांक (40), निवासी करमदी रोड, पीयूष जैन (35), निवासी रामगढ़, जगदीश (45), निवासी लालगुवाड़ी, भरत (20), निवासी बोरदा, अक्षय टाक (30), निवासी करमदी रोड, अबरार (27), निवासी रेल नगर रतलाम, मुकेश (30), निवासी कजलोरा, जिला धार, नगरसिंह (60), निवासी विवेकानंद कॉलोनी, झाबुआ, इमरान (30), निवासी भोज मार्ग, झाबुआ।

error: Content is protected !!