खबर पक्की, 20 अगस्त, रतलाम। शहर के उत्तरी क्षेत्र में गुरुवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब दसवीं कक्षा में पढऩे वाली 16 वर्षीय छात्रा खुशी ने अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय छात्रा घर में अकेली थी। सूचना पर पहुंची 112 पुलिस टीम ने शव को पंखे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया।
पुलिस के अनुसार डोसी गांव के समीप गौरव पैलेस कॉलोनी में खुशी गुरुवार को स्कूल नहीं गई थी। दोपहर के समय जब उसका छोटा भाई मकान की ऊपरी मंजिल पर पहुंचा, तो उसने बहन को फंदे से लटकता देखा। घबराए भाई ने तुरंत नीचे रह रहे अपने ताऊ अशोक परमार को मामले की जानकारी दी, जिसके बाद आसपास के लोग एकत्र हो गए और पुलिस को सूचित किया गया।
मृतका की मां शारदा परमार आंगनवाड़ी कार्यकर्ता हैं, जबकि पिता प्राइवेट इलेक्ट्रीशियन के रूप में कार्यरत हैं। घटना के समय दोनों अपने-अपने काम पर गए हुए थे।
फिलहाल मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, जिससे खुदकुशी के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और परिजनों व आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
