• Thu. Aug 20th, 2026

हत्या का पर्दाफाश : खेत में भेड़ घुसने के विवाद में अधेड़ की हत्या, 10 घंटे के भीतर 5 आरोपी गिरफ्तार

BySurendra Jain

Aug 20, 2026

खबर पक्की, 20 अगस्त, रतलाम। जिले के थाना शिवगढ़ क्षेत्र के ग्राम साग्लाखो में खेत में फसल चरने से रोकने को लेकर हुए विवाद में एक वृद्ध की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। रतलाम पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना के महज 10 घंटे के भीतर मामले का पर्दाफाश कर सभी 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल 3 बांस के डंडे और 4 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 18 अगस्त की शाम करीब 5:30 बजे साग्लाखो निवासी सुखराम भाभर के 8-लेन के पास स्थित खेत में कुछ लोग भेड़ें चरा रहे थे। सुखराम ने अपनी सोयाबीन की फसल खराब होने से बचाने के लिए भेड़ें हटाने को कहा। इसी बात पर चरवाहों ने सुखराम और उनके साथ मौजूद 60 वर्षीय मंगला भाभर के साथ गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। ?गंभीर रूप से घायल मंगला भाभर को तत्काल मेडिकल कॉलेज रतलाम ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जंगल व पहाडिय़ों में सर्चिंग कर दबोचे गए आरोपी
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन, एएसपी राकेश कुमार पान्द्रो के मार्गदर्शन और एसडीओपी किशोर पाटनवाला के नेतृत्व में शिवगढ़ थाना प्रभारी रणजीतसिंह मकवाना व टीम ने साग्लाखो के आसपास के जंगल और पहाड़ी इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया। घेराबंदी कर पुलिस ने पांचों आरोपियों को हिरासत में लिया, जिन्होंने पूछताछ में हत्या करना स्वीकार कर लिया।
राजस्थान के रहने वाले हैं सभी आरोपी
मामले में पुलिस ने हत्या व अन्य धाराओं में केस दर्ज कर राजस्थान के पाली जिले के रहने वाले पांच आरोपी हराजी रेबारी (50) – निवासी ग्राम गिरवर, सोनाराम उर्फ सुनाराम रेबारी (27) – निवासी ग्राम कुरना, राजाजी रेबारी (50) – निवासी ग्राम किरवा, ?हमीराराम रेबारी (30) – निवासी ग्राम नयागांव, ?तेजाजी उर्फ तेजाराम (45) – निवासी ग्राम लापूर (तहसील वाली) को गिरफ्तार किया है।
हत्याकांड के त्वरित खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी निरीक्षक रणजीतसिंह मकवाना, उपनिरीक्षक प्रतापसिंह भदौरिया, अजमेरसिंह भुरिया, ईशाक मोहम्मद खान व पूरी शिवगढ़ थाना टीम की सराहनीय भूमिका रही।

You missed

error: Content is protected !!