• Tue. Aug 11th, 2026

रतलाम पुलिस की नशे के खिलाफ कार्रवाई, 1.5 किलो गांजा और बाइक सहित 3 गिरफ्तार

BySurendra Jain

Aug 11, 2026

खबर पक्की, 11 अगस्त, रतलाम। रतलाम-बांसवाड़ा रोड पर केसरपुरा फंटे के पास पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से करीब 1.5 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 29 हजार रुपए बताई गई है। गांजे के परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। पुलिस के अनुसार कुल जब्त मशरूका करीब 79 हजार रुपए का है।
पुलिस के मुताबिक 10 अगस्त को सूचना मिली थी कि केसरपुरा फंटे के पास तीन व्यक्ति मोटरसाइकिल से गांजा लेकर खड़े हैं और उसे बेचने की तैयारी में हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीन संदिग्धों को पकड़ा। तलाशी में उनके कब्जे से गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंकज बामनिया (25), कारु उर्फ कालु बामनिया (50) और गोवर्धन बामनिया (45), सभी निवासी सैलाना के रूप में हुई है।
मामले में थाना सैलाना में धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे किसे सप्लाई किया जाना था।
कार्रवाई एसपी अमित कुमार के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल एवं राकेश पंद्रो, एसडीओपी सैलाना नीलम बघेल के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक पिंकी आकाश के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम की भूमिका भी सराहनीय रही।

error: Content is protected !!