• Sun. Aug 9th, 2026

बाल अपचारियों ने होमगार्ड को पीटा, सिर पर मारा: रतलाम में गला दबाने की कोशिश की; रेलवे ट्रैक होकर भाग रहे थे, सभी पकड़ाए

BySurendra Jain

Aug 9, 2026

खबर पक्की, 9 अगस्त, रतलाम। बिरियाखेड़ी स्थित शासकीय बाल सुधार गृह से शनिवार रात 7 बाल अपचारी होमगार्ड से मारपीट कर भाग गए। रात भर तलाश के बाद पुलिस ने 6 बाल अपचारियों को रतलाम से 15 किमी दूर पकड़ लिया। वहीं एक उज्जैन पहुंच गया था जिसे उज्जैन स्टेशन से रतलाम पुलिस ने पकड़ लिया
रविवार सुबह एसपी अमित कुमार, एएसएपी राकेश पंद्रो, स्ष्ठरू तरुण जैन मौके पर पहुंचे। सभी बाल अपचारी 15, 16 और 17 साल के हैं। इन पर गंभीर अपराध दर्ज हैं। 2 पर मादक पदार्थों की तस्करी, 2 के खिलाफ दुष्कर्म, 1 के खिलाफ रंगदारी, 1 पर हत्या और 1 पर हत्या के प्रयास का केस दर्ज है।
प्लानिंग कर घेरा बनाया, गार्ड पर टूट पड़े
बताया जा रहा है कि होम गार्ड सैनिक सुधार गृह के चैनल गेट के पास चादर ओढ़कर सोया था। इसी दौरान सात बाल अपचारियों ने प्लानिंग कर घेरा बनाया और उस पर टूट पड़े। एक के हाथ में डंडा था। पहले डंडे से मारा, इसके बाद सभी बाल अपचारी उस पर टूट पड़े। कपड़े से सैनिक का गला दबाने की कोशिश भी की। पेंट की जेब से मेन शटर गेट की चाबी निकालकर चैनल गेट का ताला खोला और बाहर वाले मुख्य द्वार से होकर भाग निकले। बाल अपचारियों ने चौकीदार के कमरे के चैनल गेट की कुंडी भी लगा दी थी।
टीम बनाकर सभी थानों को अलर्ट किया
थाना औद्योगिक प्रभारी गायत्री सोनी ने बताया कि हमें रात 3 बजे सूचना मिली। उसके बाद टीम बनाकर सभी थानों को भी अलर्ट किया। रात को सीसीटीवी फुटेज में फोटो के आधार पर तलाश करते हुए पुलिस ने नामली के पास 6 बाल अपचारियों को कस्टडी में लिया है। जिस होमगार्ड सैनिक के साथ मारपीट कर भागे, उसका नाम चंद्रकांत (55) पिता जानकी बल्लभ शर्मा है। होमगार्ड को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है।
सुरक्षा को और भी पुख्ता किया जाएगा
एसपी अमित कुमार ने कहा- एफआईआर रजिस्टर की जा रही है। सुधार गृह में और ज्यादा सुरक्षा के निर्देश दिए हैं, ताकि ऐसा दोबारा नहीं हो। एक बाल अपचारी जो अभी भी मिसिंग है, उसकी सुरक्षा हमारे लिए जरूरी है, उसे ढूंढने की कोशिश कर रहे हैं।
वर्तमान में बाल सुधार गृह में 22 बच्चे
वर्तमान में बाल सुधार गृह में 22 अपचारी बालक हैं। यहां दो सैनिकों की ड्यूटी रहती है। एक सैनिक बाहर और एक अंदर रहता है। एक सैनिक तबीयत खराब होने के कारण छुट्टी पर था।
रतलाम, मंदसौर, नीमच के बाल अपचारी
बाल सुधार गृह से भागने वालों में 4 रतलाम, 2 मंदसौर और 1 नीमच का बाल अपचारी है। जो बाल अपचारी अभी फरार है, वह करीब दो से ढाई माह पहले बाल सुधार गृह आया था। उसके खिलाफ शहर के अलग-अलग थानों में मारपीट के 4-5 केस दर्ज हैं। वह आदतन अपराधी है।
दिल्ली-मुंबई रेलवे ट्रैक से मंदसौर की ओर भागे
बाल सुधार गृह से कुछ दूरी पर दिल्ली-मुंबई रेलवे ट्रैक गुजरता है। बाल अपचारी इसी ट्रैक के सहारे मंदसौर की तरफ भागे थे। नामली के पास रेलवे ट्रैक पर उन्हें पकड़ लिया गया। बताया जा रहा है कि रात में नामली थाने की डायरेक्ट 112 को सूचना मिली थी कि क्षेत्र में कुछ लड़के संदिग्ध दिखाई दिए हैं। इसके बाद 112 डायल के आरक्षक भगवान सिंह और पायलट मौके पर पहुंचे। आसपास के क्षेत्र में 6 लड़के दिखाई दिए, जिन्हें पकड़ लिया गया। वहीं एक को उज्जैन से पकड़कर रतलाम लाया जा रहा।

error: Content is protected !!