• Mon. Aug 3rd, 2026

डिवाइडर से टकराई बाइक, दो दोस्तों की मौत, सिर फटा, सड़क पर खून ही खून, करमदी से रतलाम आ रहे थे, स्ट्रीट लाइट बंद थी

BySurendra Jain

Aug 3, 2026

खबर पक्की, 3 जुलाई, रतलाम। करमदी रोड फोरलेन पर रविवार रात स्ट्रीट लाइट बंद होने से बाइक डिवाइडर से टकरा गई। इससे बाइक पर सवार दो दोस्तों की मौत हो गई। दोनों दोस्त करमदी गांव से रतलाम अपने घर लौट रहे थे। सिर फटने और अंदरूनी चोट आने से दोनों दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसा रात करीब 10 बजे के आसपास करमदी फोरलेन स्थित एचपी के पेट्रोल पंप के पास हुआ। जानकारी के अनुसार लक्ष्मीनगर निवासी केशव (20) पिता नूतन परिहार मोहल्ले में ही रहने वाले दोस्त शोएब उर्फ शाहिद (25) पिता राजा के साथ बाइक से करमदी से बाइक से अपने घर लौट रहे थे।
स्ट्रीट लाइट थी बंद
करमदी से एक किमी आगे एचपी पेट्रोल पंप के पहुंचे तो वहां अंधेरा होने से बाइक डिवाइडर से टकरा गई। इससे दोनों गंभीर घायल हो गए। सड़क पर खून फैल गया। हादसे के बाद आसपास के लोग पहुंचे और डायल-112 पर सूचना दी। पुलिस पहुंची और देर रात दोनों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। केशव डेकोरेशन का काम करता था और शोएब आइसक्रीम पार्लर पर काम करता था। केशव के पिता नूतन परिहार की फूलमंडी में चाय की दुकान है। शोएब के पिता राजा डाट की पुल के पास फल का ठेला लगाते हैं।
एक दोस्त को रास्ते में उतरा था
जानकारी सामने आई है कि केशव व शोएब के साथ एक अन्य दोस्त धर्मेंद्र राठौर भी साथ था। करमदी से तीनों बाइक से निकले थे। हादसे से कुछ देर पहले धर्मेंद्र रास्ते में पेट्रोल पंप पर काम करने वाले एक दोस्त के पास रुक गया था। कुछ देर बाद हादसे की खबर आई। माणकचौक थाना पुलिस घटनाक्रम की जांच में जुटी है।

error: Content is protected !!