• Sun. Aug 2nd, 2026

शादी के पांचवें दिन बिहार से लाई गई दुल्हन की मौत, रात में रस्सी के सहारे उपरी मंजिल से नीचे उतरने का किया प्रयास,25 फीट नीचे गिरने से गई जान,2.60 लाख में तय हुआ था विवाह

BySurendra Jain

Aug 2, 2026

खबर पक्की, 2 अगस्त, रतलाम। रतलाम शहर के करमदी रोड क्षेत्र में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बिहार से विवाह कर रतलाम लाई गई 23 वर्षीय युवती ने शादी के महज पांचवें दिन रात में मकान की छत से रस्सी के सहारे नीचे उतरकर जाने की कोशिश की। करीब 25 फीट की ऊंचाई से गिरने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। विवाह दलालों के माध्यम से 2.60 लाख रुपए में तय होने की बात भी सामने आई है, जिसके बाद विवाह की प्रक्रिया भी जांच के घेरे में आ गई है।
पुलिस के अनुसार करमदी रोड निवासी 45 वर्षीय मुकेश पिता रामचंद्र वेल्डिंग का काम करते हैं। उन्होंने बताया कि बडऩगर क्षेत्र के भेसला कलां निवासी मोहन नामक व्यक्ति के माध्यम से बिहार के रोहतास जिले के करवंदिया गांव निवासी 23 वर्षीय संध्या पिता नंदलाल चौधरी से विवाह तय हुआ था। पहले साढ़े तीन लाख रुपए की मांग की गई थी, बाद में 2.60 लाख रुपए में बात तय हुई। 26 जुलाई को बिहार के ताज मैरिज गार्डन में दोनों का विवाह हुआ और 27 जुलाई को संध्या को रतलाम लाया गया।
रात में गायब मिली पत्नी, पीछे रेत के ढेर पर मिला शव
मुकेश के अनुसार 30 जुलाई की रात दोनों दूसरी मंजिल के कमरे में सोए थे, जबकि उनकी मां नीचे सो रही थीं। रात करीब दो बजे नींद खुली तो पत्नी कमरे में नहीं थी। पहले लगा कि वह वॉशरूम गई होगी, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर पड़ोसियों को बुलाया गया। मकान के पीछे जाकर देखा तो संध्या रेत के ढेर पर अचेत अवस्था में पड़ी थी। सूचना पर पुलिस पहुंची, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
छत से रस्सी बांधकर उतरने का प्रयास
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि संध्या रात में तीसरी मंजिल की छत पर पहुंची और वहां रखी मचान बांधने वाली पुरानी नारियल की रस्सी को दोहरा कर नीचे उतरने लगी। करीब 10 फीट नीचे पहुंचते ही जर्जर रस्सी बीच से टूट गई, जिससे वह सिर के बल नीचे आंगन में रखे रेत के ढेर पर गिरी। गंभीर अंदरूनी चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर एफएसएल अधिकारी डॉ. अतुल मित्तल और सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
परिजन नहीं पहुंचे, दलाल ने दी आत्महत्या की धमकी
मृतका के परिजनों को घटना की सूचना दी गई, लेकिन बताया गया कि वे बिहार से रतलाम आने के लिए तैयार नहीं हुए। वहीं, परिवार का आरोप है कि जब बिहार के मुख्य दलाल राजेश से संपर्क कर परिजनों को बुलाने का आग्रह किया गया तो वह पहले टालमटोल करता रहा और बाद में फोन करने पर सल्फास खाकर आत्महत्या करने की धमकी देने लगा।
दलालों की भूमिका भी जांच में
पुलिस अब केवल हादसे की परिस्थितियों की ही नहीं, बल्कि विवाह कराने वाले दलालों की भूमिका और पूरे विवाह के लेन-देन की भी जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर सभी पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है।

error: Content is protected !!