• Thu. Jul 30th, 2026

सोलर प्लांट में चोरी का खुलासा, प्लांट के दो सिक्योरिटी गार्ड ही निकले मास्टरमाइंड, दो साथी फरार

BySurendra Jain

Jul 30, 2026

खबर पक्की, 30 जुलाई, रतलाम। जिले के ताल थाना क्षेत्र स्थित ग्राम असावता के एक सोलर प्लांट से तांबे की केबल चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए प्लांट में कार्यरत दो सिक्योरिटी गार्डों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में दोनों ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। मामले में दो आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार 26 जुलाई को फरियादी राकेश पाल, निवासी महू (इंदौर), ने ग्राम असावता स्थित सोलर प्लांट से तांबे की केबल चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस पर ताल थाना में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। साथ ही साइबर सेल और मुखबिर तंत्र की मदद से जांच आगे बढ़ाई गई।जांच के दौरान पुलिस को सोलर प्लांट में कार्यरत सिक्योरिटी गार्डों की भूमिका संदिग्ध लगी। इसके बाद नागुसिंह राजपूत (34), निवासी खजुरी देवड़ा और सुरपालसिंह राजपूत (25), निवासी कंथारिया से पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों ने लालसिंह राजपूत और कृष्णपालसिंह राजपूत, दोनों निवासी कंथारिया, के साथ मिलकर तांबे की केबल चोरी करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने नागुसिंह और सुरपालसिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चोरी की गई केबल फरार आरोपियों के कब्जे में है। पुलिस चोरी के मशरुके की बरामदगी और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

error: Content is protected !!