• Thu. Oct 29th, 2026

रेलवे सामानों के आपूर्तिकर्ताओं एवं विक्रेताओं को मिलेगा एक साझा मंच, 30 जुलाई को आयोजित होगा विक्रेता मिलन समारोह एवं प्रदर्शनी

BySurendra Jain

Jul 22, 2026

खबर पक्की, 22 जुलाई, रतलाम। पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के भंडार विभाग द्वारा रेल एवं गैर-रेल कार्यों से जुड़े मान्यता प्राप्त एवं गैर-मान्यता प्राप्त निर्माताओं, आपूर्तिकर्ताओं तथा विक्रेताओं के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा रेलवे की खरीद प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, प्रतिस्पर्धी एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से 30 जुलाई 2026,गुरुवार को “विक्रेता मिलन समारोह एवं प्रदर्शनी” का आयोजन किया जा रहा है।
वरिष्ठ मंडल सामग्री प्रबंधक अमीर यादव के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में वर्तमान एवं संभावित विक्रेताओं को रेलवे द्वारा उपयोग में लाई जाने वाली विभिन्न सामग्रियों, उनके तकनीकी विनिर्देशों (स्श्चद्गष्द्बद्घद्बष्ड्डह्लद्बशठ्ठह्य), गुणवत्ता संबंधी मानकों, खरीद प्रक्रिया तथा भविष्य की आवश्यकताओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। साथ ही प्रतिभागियों को अपने उत्पादों एवं सेवाओं का प्रदर्शन करने का अवसर भी मिलेगा, जिससे रेलवे और उद्योग जगत के बीच संवाद, सहयोग एवं व्यावसायिक सहभागिता को नई गति मिलेगी।
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार कार्यक्रम में सूक्ष्म एवं लघु उद्यम के अंतर्गत पंजीकृत फर्मों की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति तथा महिला उद्यमियों द्वारा संचालित पंजीकृत फर्मों को भी रेलवे की खरीद प्रक्रिया से जोडऩे एवं उनकी सहभागिता बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य नए निर्माताओं एवं विक्रेताओं को रेलवे की सप्लाई चेन से जोडऩा है, ताकि खरीद प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, प्रतिस्पर्धी और दक्ष बन सके। इससे रेलवे को उच्च गुणवत्ता की सामग्री समयबद्ध एवं प्रतिस्पर्धी दरों पर उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी। साथ ही आपूर्ति प्रणाली की विश्वसनीयता, सामग्री के मानकीकरण तथा गुणवत्ता नियंत्रण को भी और अधिक सुदृढ़ किया जा सकेगा। यह आयोजन विशेष रूप से महिला, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के उद्यमियों के लिए रेलवे के साथ व्यावसायिक साझेदारी स्थापित करने का एक महत्वपूर्ण अवसर सिद्ध होगा।
यह कार्यक्रम 30 जुलाई 2026, गुरुवार को प्रात: 10 बजे से सायं 4 बजे तक रेलवे ऑफिसर्स क्लब, मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, रतलाम में आयोजित किया जाएगा।
भंडार विभाग ने सभी पंजीकृत एवं गैर-पंजीकृत इच्छुक निर्माताओं, आपूर्तिकर्ताओं एवं विक्रेताओं से इस कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने की अपील की है, ताकि वे रेलवे की खरीद प्रणाली, गुणवत्ता मानकों, तकनीकी आवश्यकताओं एवं उपलब्ध व्यावसायिक अवसरों की जानकारी प्राप्त कर रेलवे के साथ दीर्घकालीन एवं सुदृढ़ व्यावसायिक साझेदारी स्थापित कर सकें।

You missed

error: Content is protected !!