• Tue. Jul 28th, 2026

डिकल कॉलेज में नौकरी दिलाने के नाम पर 3.55 लाख की ठगी, पत्नी के गहने गिरवी रखकर युवक ने जुटाए रुपए, 15 दिन में सरकारी नौकरीÓ का झांसा देकर दंपती फरार

BySurendra Jain

Jul 18, 2026

खबर पक्की, 18 जुलाई, रतलाम। सरकारी मेडिकल कॉलेज में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 3 लाख 55 हजार रुपए की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आर्थिक तंगी से जूझ रहे एक युवक को एक दंपती ने सरकारी नौकरी का ऐसा सपना दिखाया कि उसने अपनी पत्नी के गहने तक गिरवी रख दिए। आरोपी महिला ने अपने पति को क्राइम ब्रांच से जुड़ा अधिकारी बताकर 15 दिन में मेडिकल कॉलेज में सहायक लैब टेक्नीशियन की नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया। लेकिन डेढ़ वर्ष बीत जाने के बाद भी न नौकरी मिली और न ही रकम वापस हुई। दबाव बढऩे पर आरोपी दंपती किराए का मकान खाली कर रातों-रात फरार हो गया।
पत्नी के गहने गिरवी रखकर जुटाई रकम
औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस को दी शिकायत में विंध्यवासिनी कॉलोनी निवासी संजय (40) ने बताया कि वह निजी कंपनी में कार्यरत हैं। करीब दो वर्ष पहले उनकी पहचान जवाहर नगर निवासी रजनीश से हुई थी। रजनीश की पत्नी ने उन्हें बताया कि उसके पति क्राइम ब्रांच में पदस्थ हैं और सरकारी मेडिकल कॉलेज में लोगों की नौकरी लगवाते हैं।
इसके बाद संजय अपनी पत्नी के साथ रजनीश के घर पहुंचे, जहां रजनीश ने 3 लाख 55 हजार रुपए के बदले 15 दिनों के भीतर सहायक लैब टेक्नीशियन के पद पर सरकारी नौकरी दिलाने का दावा किया। नौकरी की उम्मीद में संजय ने अपनी पत्नी के गहने गिरवी रखकर 2 लाख रुपए जुटाए और शेष राशि उधार लेकर कुल 3.55 लाख रुपए आरोपियों को दे दिए।
रुपए लेते रहे, नौकरी नहीं मिली
फरियादी के अनुसार, आरोपियों ने 22 जून 2024 से 11 दिसंबर 2024 के बीच अलग-अलग किस्तों में अपने बैंक खाते में पूरी राशि ट्रांसफर करवाई। इसके बाद वे लगातार नौकरी लगने का भरोसा देकर टालमटोल करते रहे। करीब डेढ़ वर्ष बीत जाने के बाद भी न तो नौकरी मिली और न ही रुपए लौटाए गए।
दबाव बढ़ा तो लौटाए सिर्फ 5 हजार रुपए, फिर हुए फरार
जब संजय ने लगातार दबाव बनाया तो आरोपियों ने केवल 5 हजार रुपए वापस किए। इसके बाद दोनों ने अपने मोबाइल फोन बंद कर दिए और जिस किराए के मकान में रह रहे थे, उसे खाली कर रातों-रात फरार हो गए।
पुलिस ने शुरू की जांच
पीडि़त की शिकायत पर औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने मामले को जांच में लिया है। पुलिस बैंक खातों में हुए लेन-देन और आरोपियों की तलाश कर रही है। प्रारंभिक जांच के आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!