खबर पक्की, 7 जुलाई, रतलाम। साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से रतलाम पुलिस ने मंगलवार सुबह सेफ क्लिक अभियान 2.0 के तहत साइबर जागरूकता मैराथन का आयोजन किया। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर चल रहे 15 दिवसीय अभियान के अंतर्गत आयोजित इस मैराथन में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों, महिलाओं, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
सुबह 7 बजे पोलो ग्राउंड से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) राकेश पंद्रो ने हरी झंडी दिखाकर मैराथन को रवाना किया। यह दौड़ छत्री पुल, आरोग्यम हॉस्पिटल, लोकेंद्र टॉकीज चौराहा, दो बत्ती चौराहा और महाराजा सज्जन सिंह चौराहा होते हुए पुन: पोलो ग्राउंड पहुंचकर संपन्न हुई।
मैराथन के दौरान प्रतिभागियों ने सतर्क रहें-सुरक्षित रहें, सोच-समझकर क्लिक करें और साइबर फ्रॉड होने पर तुरंत 1930 पर कॉल करें जैसे संदेशों के माध्यम से आमजन को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
तीन वर्गों में हुए मुकाबले
मैराथन का आयोजन महिला, पुरुष और वरिष्ठ नागरिक वर्ग में किया गया। महिला वर्ग में प्रथम आरक्षक आरती चौधरी,द्वितीय आरक्षक स्वाति शर्मा,तृतीय: आरक्षक निकिता वीरवाल रहे।
पुरुष वर्ग में प्रथम आरक्षक हीरालाल नर्गिस,
द्वितीय आरक्षक सूर्यपाल सिंह चंद्रावत,तृतीय आरक्षक सुनील गरवड़ा रहे।वरिष्ठ नागरिक वर्ग में प्रथम: दयाकिशन यादव,द्वितीय उपनिरीक्षक प्रेमसिंह हटीला,तृतीय रहे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पंद्रो।
एसपी ने विजेताओं को किया सम्मानित
मैराथन के समापन पर पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने विजेताओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया तथा सभी प्रतिभागियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधों से सुरक्षित समाज के निर्माण के लिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने सभी से साइबर योद्धा बनने और स्वयं के साथ अपने परिवार एवं समाज को भी साइबर ठगी से बचाने के लिए जागरूक करने की अपील की।
साइबर सुरक्षा के दिए महत्वपूर्ण सुझाव
रतलाम पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें, ह्रञ्जक्क, क्कढ्ढहृ, पासवर्ड या बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा न करें तथा डिजिटल अरेस्ट, निवेश फ्रॉड, फर्जी कॉल और सोशल मीडिया ठगी जैसे साइबर अपराधों से सतर्क रहें। किसी भी साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (हृष्टक्रक्क) पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई।
मैराथन के दौरान पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पंद्रो, नगर पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र घनघोरिया, उप पुलिस अधीक्षक अनिशा जैन सहित साइबर सेल, पुलिस लाइन एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
सेफ क्लिक 2.0 के तहत निकली जागरूकता मैराथन,पोलो ग्राउंड से शहर के प्रमुख मार्गों तक दौड़े प्रतिभागी, एसपी अमित कुमार ने विजेताओं को किया सम्मानित
