• Mon. Sep 14th, 2026

प्रेम प्रसंग की शंका में खूनी संघर्ष- युवती के घर से चले जाने पर विवाद, पथराव के बाद फायरिंग, 3 गंभीर घायल,दोनों पक्षों के 11 लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज

BySurendra Jain

Jun 26, 2026

खबर पक्की, 26 जून, रतलाम। जिले के कालूखेड़ा थाना क्षेत्र के एक गांव में प्रेम प्रसंग की शंका में हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पहले दोनों पक्षों के बीच जमकर पथराव और मारपीट हुई, इसके बाद देर रात लड़की के मामा पक्ष के लोगों ने कथित तौर पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों के 11 लोगों के खिलाफ नामजद प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पहले बातचीत, फिर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, गुरुवार को गांव की एक युवती कहीं चली गई । परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज की। इसके बाद युवती पक्ष के लोग शंका में एक युवक के घर बातचीत के लिए पहुंचे, लेकिन चर्चा के दौरान विवाद बढ़ गया। दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट और पथराव शुरू हो गया, जिसमें एक व्यक्ति घायल हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और घायल को अस्पताल पहुंचाया।
देर रात दोबारा भड़का विवाद, चली गोलियां
बताया जा रहा है कि रात में घटना की जानकारी युवती के मामा को मिली। इसके बाद वे अपने साथियों के साथ युवक के घर पहुंचे और विवाद फिर से शुरू हो गया। आरोप है कि इसी दौरान मामा पक्ष के लोगों ने बंदूक से फायरिंग कर दी, जिससे गांव में दहशत फैल गई।फायरिंग में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को प्राथमिक उपचार के बाद रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
11 लोगों पर एफआईआर, आरोपियों की तलाश
थाना प्रभारी के अनुसार, मामले में एक पक्ष के 8 और दूसरे पक्ष के 3 लोगों सहित कुल 11 आरोपियों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की गई है। घटना के बाद से आरोपी फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। गांव में किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
एसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
घटना की गंभीरता को देखते हुए शुक्रवार सुबह पुलिस अधीक्षक अमित कुमार स्वयं ग्राम पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया, ग्रामीणों से जानकारी ली और थाना प्रभारी को आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

You missed

error: Content is protected !!