• Wed. Jul 29th, 2026

पुलिस की बड़ी कार्रवाई : 1 किलो एमडी ड्रग्स के साथ अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार, 1 करोड़ रुपए कीमत

BySurendra Jain

Jun 26, 2026

खबर पक्की, 26 जून, रतलाम। एसपी अमित कुमार के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रतलाम पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। थाना रिंगनोद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी के कब्जे से 1 किलोग्राम एमडी (मेफेड्रोन) ड्रग्स बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ बताई जा रही है। पुलिस अब ड्रग्स के स्रोत, सप्लाई चेन और पूरे तस्करी नेटवर्क की गहन जांच में जुट गई है।
एसपी अमित कुमार के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) विवेक कुमार लाल और एसडीओपी जावरा संदीप मालवीय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रिंगनोद निरीक्षक आनंद सिंह आजाद के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार 25 जून को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति महू-नीमच फोरलेन हाईवे पर बरखेड़ी फंटा, ढोढर क्षेत्र से अवैध एमडी ड्रग्स लेकर गुजरने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों का पालन करते हुए घेराबंदी की और संदिग्ध को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 1 किलो ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई, जिसे जब्त कर आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान युनुस पिता नियामत खान पठान (52) निवासी ग्राम कोटड़ी, थाना कोटड़ी, जिला प्रतापगढ़ (राजस्थान) के रूप में हुई है।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में एमडी ड्रग्स कहां से लाई गई थी, इसे किसे सप्लाई किया जाना था और इस नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश कर सभी आरोपियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में निरीक्षक आनंद सिंह आजाद, उप निरीक्षक रघुवीर जोशी, उप निरीक्षक राजेश मालवीय, एएसआई अशोक चौहान, प्रधान आरक्षक सुधीर सिंह राठौर, हर्षवर्धन सिंह जगावत सहित थाना रिंगनोद और साइबर सेल रतलाम की टीम की सराहनीय भूमिका रही।

error: Content is protected !!