खबर पक्की, 25 जून, रतलाम। जिले के पिपलोदा थाना क्षेत्र अंतर्गत सुखेड़ा स्थित जैन मंदिर में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। मामले में मंदिर के पुजारी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गई भगवान सिद्ध चक्र की चांदी की प्रतिमा तथा सोने का हार बेचकर प्राप्त 94 हजार रुपए नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार 21 जून 2026 को मंदिर के पुजारी विशाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि मंदिर से करीब 13 ग्राम वजनी सोने का हार तथा 180 ग्राम वजनी चांदी की सिद्ध चक्र भगवान की प्रतिमा चोरी हो गई है। रिपोर्ट पर थाना पिपलोदा में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल तथा एसडीओपी संदीप मालवीय के मार्गदर्शन में गठित टीम ने मंदिर व आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच के दौरान पुजारी विशाल बैरागी के बयानों में विरोधाभास मिलने पर उससे मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की गई, जिसमें चौंकाने वाला खुलासा हुआ।
पूछताछ में सामने आया कि विशाल बैरागी ने अपने स्कूल समय के मित्र सुनील चौहान के साथ मिलकर चोरी की साजिश रची थी। योजना के अनुसार सुनील 21 जून को बस से सुखेड़ा पहुंचा और जैन मंदिर में भगवान आदिनाथ की प्रतिमा पर चढ़ा सोने का हार एवं सिद्ध चक्र प्रतिमा चोरी कर ली। बाद में प्रतिमा मंदिर परिसर में ही पुजारी विशाल को सौंप दी गई, जबकि सोने का हार बेचकर रकम आपस में बांटने की योजना बनाई गई थी।
पुलिस ने विशाल बैरागी के कब्जे से चोरी गई सिद्ध चक्र भगवान की प्रतिमा बरामद कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इसके बाद मुख्य आरोपी सुनील चौहान और उसके साथी दीपक टेलर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। दोनों ने स्वीकार किया कि चोरी का हार दिल्ली में बेच दिया गया था। पुलिस ने खर्च की गई राशि के बाद शेष 94 हजार नकद बरामद कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी
- विशाल बैरागी (26), निवासी ग्राम बुढ़ा, जिला मंदसौर, हाल मुकाम सुखेड़ा
- सुनील चौहान (26), निवासी ग्राम गर्रावद, जिला मंदसौर
- दीपक टेलर (27), निवासी ग्राम पहेड़ा, थाना मल्हारगढ़, जिला मंदसौर
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश कोली, चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक राजू माखोड़ सहित पुलिस टीम एवं साइबर सेल रतलाम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
