• Sun. Sep 13th, 2026

बिना अनुमति प्रदर्शन पर सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार सहित 4 पर एफआईआर दर्ज

BySurendra Jain

Jun 25, 2026

खबर पक्की, 25 जून, रतलाम। भारत आदिवासी पार्टी के बैनर तले बुधवार को हुए प्रदर्शन के बाद सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार, जिला पंचायत उपाध्यक्ष केशु निनामा समेत चार नामजद व्यक्तियों और अन्य समर्थकों के खिलाफ स्टेशन रोड थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। आरोप है कि बिना अनुमति कलेक्ट्रेट के बाहर धरना-प्रदर्शन कर सड़क जाम की गई तथा प्रशासनिक आदेशों का उल्लंघन किया गया।
विधायक कमलेश्वर डोडियार ने बुधवार को खाद, बीज, बिजली और ग्रामीण क्षेत्रों की विभिन्न समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर समर्थकों के साथ प्रदर्शन किया था। प्रदर्शनकारियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर 47 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा।
प्रशासन और पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को बंजली बायपास पर ही रोककर वहीं ज्ञापन देने का प्रस्ताव रखा था, लेकिन विधायक और उनके समर्थक नहीं माने। इसके बाद बड़ी संख्या में समर्थक पैदल ही शहर की ओर रवाना हो गए। रास्ते में कई स्थानों पर पुलिस ने रोकने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी आगे बढ़ते रहे।
कलेक्ट्रेट के बाहर सड़क पर बैठकर किया धरना
कलेक्ट्रेट पहुंचने पर प्रशासन ने मुख्य द्वार पर बैरिकेड्स लगाकर प्रवेश बंद कर दिया। इसके विरोध में विधायक और समर्थक सिटी फोरलेन सड़क पर बैठ गए। करीब तीन घंटे तक चले प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने सभा को संबोधित किया।बाद में एडीएम को ज्ञापन सौंपा गया।
बैरिकेड्स हटाने और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने का आरोप
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार प्रदर्शन के दौरान कोर्ट चौराहे पर बैरिकेड्स हटाए गए, जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति बनी। सड़क जाम होने से आम नागरिकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रशासन का कहना है कि प्रदर्शनकारियों ने अनुविभागीय अधिकारी के आदेश का उल्लंघन किया।
इन पर दर्ज हुआ मामला
स्टेशन रोड थाना पुलिस ने राजस्व निरीक्षक तरुण रघुवंशी की रिपोर्ट पर सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार, जिला पंचायत उपाध्यक्ष केशु निनामा, जिला पंचायत सदस्य शरद डोडियार, दिनेश माल सहित अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

error: Content is protected !!