• Wed. Jul 29th, 2026

गिरिजा पाटीदार ने बनाया विश्व रिकॉर्ड, लंदन बुक ऑफ वल्र्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज कराया नाम

BySurendra Jain

Jun 22, 2026

खबर पक्की, 22 जून, रतलाम। शहर की प्रतिभाशाली गिरिजा पाटीदार ने अपनी असाधारण प्रतिभा का परिचय देते हुए मात्र 2 मिनट 26 सेकंड में रुद्राष्टकम एवं शिव तांडव स्तोत्र का शुद्ध, स्पष्ट एवं प्रभावशाली मंत्रोच्चारण कर लंदन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में अपना नाम दर्ज कराया है। इस उपलब्धि के लिए उन्हें विश्व रिकॉर्ड धारक का प्रमाण-पत्र, स्वर्ण पदक, स्मृति-चिन्ह एवं सम्मान-पत्र प्रदान किया गया।
गिरिजा पाटीदार बचपन से ही अध्यात्म, संस्कृत श्लोक, भजन-संगीत एवं भारतीय संस्कृति के प्रति विशेष रुचि रखती हैं। निरंतर अभ्यास, समर्पण और साधना के बल पर उन्होंने यह विशिष्ट उपलब्धि हासिल की। उनकी सफलता से रतलाम जिले के साथ-साथ पूरे मध्यप्रदेश का गौरव बढ़ा है।
युवाओं के लिए बनी प्रेरणा
परिजनों के अनुसार गिरिजा नियमित रूप से धार्मिक ग्रंथों का अध्ययन करती हैं तथा विभिन्न सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक मंचों पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुकी हैं। उनकी यह उपलब्धि युवाओं को भारतीय संस्कृति, संस्कृत भाषा और आध्यात्मिक मूल्यों से जुडऩे की प्रेरणा देती है।
इस अवसर पर मिसेज यूनिवर्स सेंट्रल एशिया, शिक्षाविद् एवं विश्व रिकॉर्ड ब्रांड एंबेसडर डॉ. दिव्या पाटीदार ने गिरिजा पाटीदार को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं को आगे बढ़ाने में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और गिरिजा की यह उपलब्धि समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।
शहर में खुशी का माहौल
गिरिजा पाटीदार की इस अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि पर शिक्षाविदों, समाजसेवियों एवं गणमान्य नागरिकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

error: Content is protected !!