• Wed. Jul 29th, 2026

दुकान पर कब्जे का विवाद: दो भाइयो ने महिला और बच्चों को पीटा, घायल महिला जिला अस्पताल में भर्ती

BySurendra Jain

Jun 22, 2026

खबर पक्की, 22 जून, रतलाम। शहर के स्टेशन रोड थाना क्षेत्र के अंतर्गत आनंद कॉलोनी में दुकान पर जबरन कब्जा करने और विरोध करने पर एक महिला व उसके मासूम बच्चों के साथ बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है। मारपीट में गंभीर रूप से घायल महिला को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आनंद कॉलोनी निवासी शबनम पति इमरान ने बताया कि आरोपी मुनव्वर अली और उसका भाई मुजफ्फर अली आए दिन उनके साथ गाली-गलौज करते हैं और ड्रीम लैंड रेजीडेंसी बिल्डिंग के नीचे बनी दुकान पर कब्जा करने की नीयत से विवाद करते हैं। रविवार देर शाम दोनों भाई दुकान पर जबरन पुताई करवाकर कब्जा करने की कोशिश कर रहे थे।
बीच-बचाव करने आए बच्चों को भी नहीं छोड़ा
पीडि़त महिला शबनम ने जब इस अवैध कब्जे का विरोध किया और उन्हें रोकने का प्रयास किया, तो मुनव्वर अली और उसके भाई मुजफ्फर ने तैश में आकर महिला पर हमला कर दिया। इस दौरान जब महिला के बच्चे, अरबिया और इनाया, बीच-बचाव करने आए तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। विवाद में गंभीर चोटें आने के कारण शबनम को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया।
शिकायत के बाद भी नहीं हुई थी कार्रवाई
पीडि़ता का आरोप है कि इस विवाद को लेकर पहले भी कई बार स्टेशन रोड थाना और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत की जा चुकी थी। इतना ही नहीं, पुलिस द्वारा कोई ठोस कदम न उठाए जाने पर सीएम हेल्पलाइन पर भी शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन इसके बावजूद समय रहते कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिससे हौसले बुलंद होने पर आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल, पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

error: Content is protected !!