खबर पक्की, 12 जून, रतलाम। जिले के पलसोड़ी क्षेत्र में प्रस्तावित मेगा निवेश क्षेत्र के लिए शुक्रवार को अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासन और पुलिस की टीम को शुक्रवार को ग्रामीणों के तीव्र विरोध का सामना करना पड़ा। कार्रवाई के दौरान स्थिति उस समय बिगड़ गई जब कुछ लोगों ने पुलिस और प्रशासनिक अमले पर पथराव कर दिया। घटना में तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। हालात नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा तथा भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोडऩे पड़े।
जानकारी के अनुसार पलसोड़ी सहित आसपास के चार से पांच गांवों की करीब 1700 हेक्टेयर भूमि प्रस्तावित निवेश क्षेत्र में शामिल की जा रही है। इसी के विरोध में ग्रामीण लंबे समय से आंदोलन कर रहे हैं। शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे प्रशासनिक अधिकारियों, भारी पुलिस बल तथा जेसीबी और बुलडोजर के साथ अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। कार्रवाई की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
दोपहर करीब 2 बजे प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद पुलिस ने विरोध कर रहे करीब 20 लोगों को हिरासत में ले लिया। हिरासत की कार्रवाई के बाद कुछ लोगों ने पुलिस बल और प्रशासनिक टीम पर पथराव शुरू कर दिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जवाब में पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया और आंसू गैस के गोले छोड़कर स्थिति पर नियंत्रण पाया।
मेगा इंडस्ट्रियल पार्क को लेकर विवाद
मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास निगम (एमपीआईडीसी) द्वारा जिले में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मेगा इंडस्ट्रियल पार्क निवेश क्षेत्र विकसित किया जा रहा है। इसके तहत ग्राम जामथुन, बिबड़ोद, जुलवानिया, पलसोड़ी, रामपुरिया और सरवनी खुर्द की करीब 1370.532 हेक्टेयर शासकीय भूमि को निवेश क्षेत्र में शामिल किया गया है। यहां कई बड़ी कंपनियां भूमि आवंटन के बाद अपने प्लांट स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू कर चुकी हैं।
वहीं दूसरी ओर वर्षों से शासकीय भूमि पर खेती कर रहे ग्रामीण इस योजना का विरोध कर रहे हैं। पलसोड़ी के हल्का नंबर-7 के सर्वे नंबर-135 की 2.360 हेक्टेयर शासकीय भूमि को निवेश क्षेत्र में शामिल करने के लिए तहसीलदार कार्यालय द्वारा सार्वजनिक सूचना जारी की गई थी, जिस पर आपत्ति दर्ज कराने की अंतिम तिथि 10 जून निर्धारित की गई थी।
गौरतलब है कि गुरुवार को एसडीएम शहर आर्ची हरित और तहसीलदार ऋषभ ठाकुर भी पलसोड़ी पहुंचे थे। ग्राम पंचायत भवन में आयोजित बैठक के दौरान पंचायत प्रतिनिधियों ने भूमि अधिग्रहण के विरोध में आपत्ति पत्र प्रशासन को सौंपा था। फिलहाल मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
पलसोड़ी निवेश क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने गई टीम पर पथराव,कई हिरासत में.. तीन पुलिसकर्मी घायल, स्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले
