खबर पक्की, 10 जून, रतलाम। जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर लगाम कसने और अपराधियों की धरपकड़ के लिए रतलाम पुलिस मुस्तैद नजर आ रही है। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के कड़े निर्देशों के बाद माणकचौक थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज 24 घंटे के भीतर चोरी की एक बड़ी वारदात का सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी को दबोचकर 70,000 कीमत का शत-प्रतिशत मशरूका (सोने का मंगलसूत्र) बरामद कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना बीते दिन 09 जून की है। ग्राम पग्गीपाड़ा (थाना बिलपांक) की रहने वाली फरियादिया सोनाबाई अपने परिजनों के साथ रतलाम में सोना-चांदी के आभूषण खरीदने आई थीं। उनका सोने का मंगलसूत्र टूट गया था, जिसे उन्होंने गठवाकर एक झोले में सुरक्षित रख लिया था। इसके बाद जब वे चौमुखी पुल चौराहे के पास रामगढ़ रोड स्थित एक साड़ी की दुकान पर खरीदारी कर रही थीं, तभी किसी अज्ञात चोर ने नजरें बचाकर उनका झोला पार कर दिया। झोले में करीब 21 सोने के मोती और पेंडल युक्त मंगलसूत्र रखा था। शिकायत मिलते ही माणकचौक पुलिस ने त्वरित एक्शन लेते हुए मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से खुला राज
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी अमित कुमार ने एक विशेष टीम का गठन किया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार एवं नगर पुलिस अधीक्षक सत्येन्द्र घनघोरिया के मार्गदर्शन में माणकचौक थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह चौहान के नेतृत्व में टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। साइबर सेल की मदद और मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के बाद पुलिस एक संदिग्ध तक पहुंचने में कामयाब रही।
सख्ती से पूछताछ में आरोपी ने उगला राज
पुलिस ने जब संदिग्ध को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने शत-प्रतिशत माल बरामद कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपी- संजय पिता तेजराम गणावा (उम्र 35 वर्ष), निवासी- ग्राम शिवपुर, सरस्वती मंदिर स्कूल के पीछे, थाना बिलपांक, जिला रतलाम।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस त्वरित और सफल कार्रवाई में माणकचौक थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह चौहान, उप निरीक्षक राकेश मेहरा, सउनि आशीष मांगरिया, प्रधान आरक्षक राजेश मईड़ा, प्रधान आरक्षक विजय झोडिय़ा, आरक्षक हेमंत यादव, जीवन विश्वकर्मा, मनोहर सिंह, महेश मईड़ा सहित सायबर टीम की विशेष और सराहनीय भूमिका रही। एसपी अमित कुमार ने पूरी टीम की पीठ थपथपाई है।
पुलिस की बड़ी कामयाबी : 70 हजार का चोरी हुआ सोने का मंगलसूत्र बरामद, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
