खबर पक्की, 10 जून, रतलाम। 13 दिन पहले शहर के राजीव गांधी सिविक सेंटर क्षेत्र में गाय का कटा सिर और गौवंश के अवशेष मिलने के मामले को लेकर बुधवार को सर्व हिंदू समाज और विभिन्न हिंदू संगठनों ने नगर निगम के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। अवैध डेरों (झोपडिय़ों) को हटाने की मांग को लेकर नगर निगम कार्यालय का घेराव शुरू हो गया है।
प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने नगर निगम कार्यालय के मुख्य गेट को बंद कर तीन लेयर की सुरक्षा व्यवस्था तैनात कर दी है, ताकि कोई प्रदर्शनकारी परिसर के अंदर प्रवेश न कर सके। सर्व हिंदू समाज के बैनर तले बड़ी संख्या में लोग रैली निकालकर नगर निगम पहुंचे और कार्यालय में घुसने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने बाहर निकाल दिया। जिसके बाद सभी बाहर सड़क पर बैठकर धरना शुरू कर दिया। इस दौरान नगर निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की जा रही है।
प्रदर्शनकारी नगर निगम के बाहर किसी जिम्मेदार अधिकारी को बुलाने की मांग पर अड़े हुए हैं। इस दौरान कुछ लोगों ने नगर निगम परिसर के अंदर प्रवेश करने की कोशिश की, लेकिन संगठन के पदाधिकारियों ने उन्हें रोक लिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर ही पुलिस बल की मौजूदगी में हनुमान चालीसा का पाठ शुरू कर दिया।
28 मई को मिला था गाय का कटा सिर
28 मई को सिविक सेंटर क्षेत्र में साठिया समाज की झोपडिय़ों के पास गाय का कटा सिर और गौवंश के अवशेष मिलने के बाद हिंदू संगठनों में भारी आक्रोश फैल गया था। बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद और हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने गाय का कटा सिर लेकर लोकेंद्र टॉकीज चौराहे पर चक्काजाम किया था। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर बैठकर हनुमान चालीसा का पाठ भी किया था। करीब पांच घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद आरोपियों पर कार्रवाई और क्षेत्र से अवैध कब्जे हटाने की मांग की गई थी।
रतलाम नगर निगम का घेराव, जबरदस्ती घुसने की कोशिश : रोकने पर हनुमान चालीसा का पाठ शुरू; गाय का कटा सिर मिला था, कार्रवाई न होने से नाराजगी
