• Fri. Jul 31st, 2026

पति-पत्नी ने खाया जहर, मौत, पिता ने सुबह कमरे में जाकर देखा तो बेसुध मिले बेटा-बहू, डॉक्टर से बोला- सल्फास खाया

BySurendra Jain

Jun 8, 2026

खबर पक्की, 8 जून, रतलाम। जिले के ताल में पति-पत्नी ने कीटनाशक खाकर अपनी जान दे दी। सोमवार सुबह जब वह सोकर नहीं उठे तो युवक के पिता ने जाकर दरवाजा खोला तो बेटा-बहू दोनों बेसुध मिले। तुरंत दोनों को ताल के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां महिला को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जबकि बेटे की हालात गंभीर होने पर रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर किया। यहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कमरे में बेहोश मिले बेटा-बहू
मृतक का नाम संजू उर्फ संजय (31) पिता सत्यनारायण प्रजापति व पत्नी का नाम मंजू (30) है। ताल पुलिस के अनुसार सुबह जब पति-पत्नी नहीं उठे तो घर में अलग कमरे में सो रहे पिता ने जाकर उठाने की कोशिश की। लेकिन बेटे-बहू दोनों बेसुध अवस्था में थे। तुरंत दोनों को ताल के स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां महिला को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। युवक की हालात गंभीर होने रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर किया। परिजन सोमवार सुबह 8 बजे उसे लेकर रतलाम पहुंचे। लेकिन कुछ ही देर में संजू की भी मौत गई।
सुबह घटना की जानकारी मिलने पर ताल थाना प्रभारी स्वराज डाबी बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का मौका मुआयना किया। लेकिन घर में किसी प्रकार से कोई सुसाइड लेटर व अन्य सामग्री नहीं मिली है।
पिता से बोला- दवाई खा ली
मृतक के बड़े भाई मुकेश प्रजापति ने बताया कि मेरा घर भी पास में है। सुबह छोटा भाई संजू 4 बजे उठकर घर के बाहर उल्टी करने आया था। तब पास के कमरे में पिता की नींद खुल गई थी। पिता ने उससे पूछा तो उसने कहा कि दवाई खा ली है। फिर कमरे में जाकर देखा तो उसकी पत्नी भी मृत अवस्था में थी।
पिता मुझे बुलाने आए, इसके बाद दोनों को ताल के स्वास्थ्य केंद्र केंद्र लेकर गए। जहां बहू को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। भाई की हालात गंभीर होने पर रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर किया। यहां पर कुछ देर में इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। दोपहर में संजू का पीएम हुआ।
भाई ने यह भी आरोप लगाया कि सुबह ताल से रतलाम लाने के लिए स्वास्थ्य केंद्र से एंबुलेंस उपलब्ध नहीं कराई गई। प्राइवेट गाड़ी कर रतलाम लाना पड़ा।
मायके पक्ष के आने के बाद होगा पत्नी का पीएम
पति का पीएम रतलाम मेडिकल कॉलेज में हो गया लेकिन पत्नी का पीएम नहीं हो पाया। पत्नी के मायके पक्ष हरदा जिले के टिमरनी में होने पर परिजन दोपहर तक ताल नहीं पहुंच पाए। देर रात तक परिजन पहुंचेंगे। इस कारण अब मंगलवार सुबह पीएम होगा। उसी के बाद पति के शव को भी रतलाम से ताल ले जाया जाएगा।
संजू मिस्त्री का करता था काम
संजू मिस्त्री का काम करता था। 5 जून को पत्नी को उसके मायके से लेकर आया था। भाई मुकेश के अनुसार छोटे भाई के ससुराल में किसी का निधन होने पर वह गया। बहू दो से ढाई माह से गर्मी की छुट्टी के कारण मायके में थी। भाई लौटते वक्त उसकी पत्नी और बच्चों को लेकर ताल आया था।
संजू के दो बच्चे है। जिनमें 8 साल का एक लड़का व 6 साल की बेटी है। घर में पिता साथ रहते है। जबकि बड़ा भाई मुकेश अपने परिवार के साथ पास में रहता है। मृतक की मां का कोरोना काल में निधन हो चुका है।
रात में हुआ था झगड़ा
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रविवार रात पति-पत्नी में विवाद हुआ था। कमरे में जोर-जोर से चिल्लाने की आवाज आ रही थी। हालांकि विवाद का कारण सामने नहीं आया है।
रिटायरमेंट कार्यक्रम से लौटकर सोए थे
युवक के बड़े भाई मुकेश प्रजापति ने बताया कि रात में छोटे भाई के साथ पूरा परिवार एक परिचित के रिटायरमेंट कार्यक्रम में गए थे। वहां से खाना खाकर रात 9 बजे लौटे थे। इसके बाद सभी अपने-अपने घर जाकर सो गए थे। रात में दोनों के बीच क्या हुआ हमें नहीं मालूम।
डॉक्टर को कहा था सल्फास खाई
पुलिस के अनुसार जब संजू को हॉस्पिटल में एडमिट कराया था तब ड्यूटी डॉक्टर ने पूछा था क्या खाया, तब उसकी सांस चल रही थी, उसने सल्फास खाने की बात कही थी। इसके बाद वह बेसुध हो गया। फिर उसे रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
ताल थाना प्रभारी स्वराज डाबी ने बताया कि पीएम रिपोर्ट के बाद पता चलेगा कि दोनों ने क्या खाया है। महिला के मायके पक्ष के लोग नहीं आ पाए है। इस कारण मंगलवार सुबह महिला का पीएम होगा। युवक का पीएम हो गया है। केस दर्ज कर घटनाक्रम की जांच की जा रही है।

error: Content is protected !!