खबर पक्की, 4 जून, रतलाम। गुरुवार को नामली में आयोजित कांग्रेस के प्रशिक्षण वर्ग में शामिल होने पहुंचे जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा उन्हें टपोरी कहे जाने पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की गालियां उनके लिए फूलों के समान हैं।
प्रशिक्षण वर्ग के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए पटवारी ने कहा कि कांग्रेस प्रेम और भाईचारे की राजनीति करती है, जबकि भाजपा नफरत फैलाने का काम कर रही है।
सीएम की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए पटवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री रोज एक घंटे का प्रशिक्षण सत्र रखें। उन्होंने कहा कि जिस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने इस प्रकार की भाषा का प्रयोग किया, वह भाजपा का प्रशिक्षण कार्यक्रम था। पटवारी ने तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री अपने कार्यकर्ताओं को इसी तरह की ट्रेनिंग देते रहें।
भाजपा पर लगाए भ्रष्टाचार के आरोप
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने भाजपा पर भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि “भ्रष्टाचार का कैंसर और भारतीय जनता पार्टी एक ही सिक्के के दो पहलू हैं।” उन्होंने दावा किया कि भाजपा के नेताओं की रग-रग में भ्रष्टाचार है।
पटवारी ने कहा कि रतलाम में ऐसे हालात हैं कि भाजपा के पुराने नेताओं, जिन्होंने पार्टी को गांव-गांव तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, उन्हें भी धरना देने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
पटवारी ने कहा कि कांग्रेस जनता की लड़ाई लड़ती रहेगी और किसी दबाव में पीछे नहीं हटेगी।उन्होंने कहा, हम डरने वाले नहीं हैं। एक कदम भी पीछे नहीं हटेंगे, बल्कि चार कदम आगे बढ़ेंगे। कांग्रेस पार्टी अपने संगठन को मजबूत कर रही है और पदाधिकारियों की जवाबदेही तय की जा रही है।
2028 में कांग्रेस सरकार बनने का दावा
पटवारी ने विश्वास जताते हुए कहा कि वर्ष 2028 में मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी। साथ ही उन्होंने दावा किया कि 5 लाख प्रतिशत राहुल गांधी देश के प्रधानमंत्री बनेंगे।
सीएम की टिप्पणी पर जीतू पटवारी ने दिया धन्यवाद, कहा-उनकी गालियां हमारे लिए फूल हैं-.नामली में कांग्रेस प्रशिक्षण वर्ग के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने पत्रकारों से चर्चा में भाजपा पर साधा निशाना
