खबर पक्की, 1 जून, रतलाम। आगामी सिंहस्थ-2028 के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा प्रदेशभर में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विशेष प्रशिक्षण प्रदान किए जाने की कार्ययोजना तैयार की गई है। इसी क्रम में विशेष शाखा पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार रतलाम जिले में पदस्थ पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए प्रत्येक सप्ताह सतत 06 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार उक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रथम चरण का शुभारंभ आज दिनांक 01 जून 2026 को पुराने पुलिस कंट्रोल रूम रतलाम में पुलिस उप महानिरीक्षक रतलाम रेंज श्री निमिष अग्रवाल एवं एसपी अमित कुमार की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया।
इस अवसर पर पुलिस उप महानिरीक्षक निमिष अग्रवाल ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि सिंहस्थ विश्व के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में से एक है, जिसमें लाखों श्रद्धालु देश-विदेश से पहुंचते हैं। ऐसे विशाल आयोजन में पुलिस की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से गंभीरता एवं समर्पण के साथ प्रशिक्षण प्राप्त कर अपनी जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया।
एसपी अमित कुमार ने कहा कि सिंहस्थ-2028 के दौरान सुरक्षा, यातायात, भीड़ नियंत्रण एवं आपदा प्रबंधन जैसी चुनौतियों का प्रभावी समाधान प्रशिक्षित एवं दक्ष पुलिस बल के माध्यम से ही संभव है। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आधुनिक पुलिसिंग, तकनीकी संसाधनों एवं आपातकालीन परिस्थितियों के प्रभावी प्रबंधन हेतु तैयार करना है।
रतलाम जिले में यह प्रशिक्षण कार्यक्रम विभिन्न चरणों में आयोजित किया जाएगा। प्रथम चरण दिनांक 01 जून 2026 से 06 जून 2026 तक संचालित होगा, जिसमें जिले के कुल 66 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
प्रशिक्षण शुभारंभ कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल, उप पुलिस अधीक्षक यातायात आनंद स्वरूप सोनी, रक्षित निरीक्षक मोहन भर्रावत सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षक उप पुलिस अधीक्षक सुश्री अनिशा जैन, निरीक्षक तूरसिंह डाबर, निरीक्षक रंजीत सिंगार, निरीक्षक प्रभाकर पाराशर, निरीक्षक वेदप्रकाश वर्मा, उपनिरीक्षक कुलदीप देथलिया, सूबेदार अनोखीलाल परमार, सूबेदार मोनिका सिंह ठाकुर एवं उपनिरीक्षक राजा तिवारी द्वारा विभिन्न विषयों पर व्यावहारिक एवं सैद्धांतिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
प्रशिक्षण में मुख्य रूप से संदिग्ध गतिविधियों की पहचान एवं रोकथाम, मेला क्षेत्र में चेकिंग एवं निगरानी व्यवस्था, शाही स्नान प्रबंधन, वीआईपी मूवमेंट, यातायात प्रबंधन, आपातकालीन एवं आपदा प्रतिक्रिया, वायरलेस एवं रेडियो संचार व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी प्रणाली, कानून व्यवस्था प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण तथा अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।
रतलाम पुलिस द्वारा सिंहस्थ-2028 के सफल आयोजन हेतु पुलिस बल को दक्ष, प्रशिक्षित एवं तकनीकी रूप से सक्षम बनाने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल निरंतर जारी रहेगी।
सिंहस्थ-2028 की तैयारियों को लेकर रतलाम पुलिस ने शुरू किया विशेष प्रशिक्षण अभियान, – 66 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों के प्रथम बैच का प्रशिक्षण प्रारंभ, भीड़ प्रबंधन, शाही स्नान, यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था पर दिया जाएगा विशेष प्रशिक्षण
