• Sat. Sep 19th, 2026

गोबर डालने पर विवाद, दो पड़ोसियों में चलीं तलवार : महिला की उंगलियां कटी; पिता-बेटा भी घायल

BySurendra Jain

May 27, 2026

खबर पक्की, 27 मई, रतलाम। जिले के सरवड़ जमुनिया गांव में जमीन पर गोबर डालने की बात को लेकर बुधवार सुबह विवाद हो गया। दो पड़ोसी पक्ष आपस में भिड़ गए। विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में तीन लोग घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घायलों में कैलाश (50) पिता जगदीश गुर्जर, उनकी पत्नी राजूबाई (48) और बेटा विमल (30) शामिल हैं। तीनों को बुधवार सुबह जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पिता कैलाश की हालत गंभीर होने पर परिजन उन्हें निजी अस्पताल लेकर गए, जबकि मां और बेटा जिला अस्पताल में भर्ती हैं। तलवार के हमले से बचाव के दौरान राजूबाई के हाथ की चारों उंगलियां कट गईं। वहीं पिता और बेटे के सिर में गंभीर चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही बिलपांक थाना प्रभारी अयुब खान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं रतलाम में घायलों से मिलने ग्रामीण एसडीओपी किशोर पाटनवाला भी जिला अस्पताल पहुंचे। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई है।
गोबर डालने को लेकर शुरू हुआ विवाद
घायल विमल ने बताया कि बुधवार सुबह उनकी मां राजूबाई घर के पास स्थित उखेड़ा (गड्ढे) में गोबर डालने गई थीं। इसी दौरान पास में रहने वाले अमरसिंह गुर्जर के घर की महिलाओं ने विवाद शुरू कर दिया और उनकी मां के साथ मारपीट की।
जानकारी मिलने पर वह और उनके पिता मौके पर पहुंचे। बातचीत के दौरान अमरसिंह गुर्जर, उसके बेटे ओमप्रकाश गुर्जर, अनिल गुर्जर और परिवार की महिलाओं ने तलवार, रॉड और अन्य धारदार हथियारों से हमला कर दिया।
विमल ने बताया कि हमला करने वाले उनके पड़ोसी हैं। उनके उखेड़े के पीछे आरोपियों का मकान है और वे उस जगह को अपना रास्ता बताते हैं। इसी बात को लेकर पहले भी विवाद होता रहा है।
एफआईआर दर्ज
ग्रामीण एसडीओपी किशोर पाटनवाला ने बताया कि दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। दोनों पक्ष एक ही समाज से हैं। एक पक्ष के तीन लोगों को चोट आई है। प्रारंभिक जांच में विवाद का कारण गोबर डालना सामने आया है। मामले में एफआईआर दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

You missed

error: Content is protected !!