खबर पक्की, 20 मई, रतलाम। रतलाम से भोपाल जा रहे ग्राम पंचायत सचिवों की गाड़ी (तूफान) को ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में दो सहायक सचिवों की मौत हो गई, जबकि 10 लोग घायल हो गए। घटना मंगलवार रात करीब 2 बजे देवास के पास हुई। सभी घायलों को देवास के अमलतास अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
हादसे में रतलाम जिले की सैलाना जनपद की ग्राम पंचायत करिया के सहायक सचिव लखन और ग्राम पंचायत कांगसी के सहायक सचिव हुर्जी मईड़ा की मौत हो गई। हादसे के वक्त गाड़ी में ड्राइवर सहित 12 लोग सवार थे। सूचना मिलते ही जनपद पंचायत के सीईओ रतलाम से देवास रवाना हो गए।
सहायक सचिव संगठन के जिला अध्यक्ष निर्भय राम पाटीदार ने बताया कि बुधवार को भोपाल में सहायक सचिवों का महासम्मेलन होना है। सम्मेलन में सीएम डॉ. मोहन यादव शामिल होंगे। सैलाना जनपद के ग्राम पंचायत सहायक सचिव टैम्पो ट्रैक्स (तूफान) से भोपाल जा रहे थे। देवास के पास पीछे से एक ट्रक ने टक्कर मार दी।
सीएम के कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे
हादसे का शिकार हुए सभी सहायक सचिव बुधवार को भोपाल में आयोजित ग्राम पंचायत सचिवों के महासम्मेलन में शामिल होने जा रहे थे। राज्य स्तरीय महासम्मेलन में सीएम डॉ. मोहन यादव के शामिल होने का कार्यक्रम है। इसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए दल मंगलवार रात को रतलाम से भोपाल रवाना हुआ था।
दो घायल सहायक सचिवों की हालत गंभीर
हादसे में घायल सहायक सचिव चौक सिंह डामर और प्यारेलाल खराड़ी की हालत गंभीर है। चौक सिंह डामर ग्राम पंचायत ताला बोर्डी से हैं। कैलाश पारगी ग्राम पंचायत ठीकरिया के हैं। हादसे में उनका हाथ टूट गया। सूचना मिलने पर जिला पंचायत सीईओ वैशाली जैन ने सैलाना, जावरा और पिपलोदा जनपद सीईओ को देवास भेजा।
ट्रक ने तूफान को टक्कर मारी, दो रोजगार सहायकों की मौत:सीएम के कार्यक्रम में शामिल होने रतलाम से भोपाल जा रहे थे, हादसे में 10 घायल
