• Thu. Aug 13th, 2026

एसपी अमित कुमार पहुंचे जनता के बीच, अलकापुरी में किया जनसंवाद, नागरिकों की समस्या सुन मौके पर ही कार्रवाई के निर्देश, नागरिकों के साथ क्षेत्र का भ्रमण भी किया

BySurendra Jain

May 13, 2026

खबर पक्की, 13 मई, रतलाम। जिले में आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और पुलिस-जन संवाद को मजबूत बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे जनसंवाद अभियान के तहत मंगलवार को थाना औद्योगिक क्षेत्र अंतर्गत अलकापुरी अंबे माता चौक परिसर में विशेष जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एसपी अमित कुमार ने क्षेत्रवासियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और कई मामलों में मौके पर ही कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनसंवाद के दौरान क्षेत्र के लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों, असामाजिक तत्वों की गतिविधियों, यातायात अव्यवस्था, रात्रिकालीन गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपनी चिंताएं एसपी के सामने रखीं। पुलिस अधीक्षक ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल और प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम के दौरान उस जब एक व्यक्ति ने स्वयं को धमकाए जाने की शिकायत एसपी के समक्ष रखी। मामले को गंभीर मानते हुए एसपी अमित कुमार ने तुरंत आवेदक को पुलिस वाहन से थाना औद्योगिक क्षेत्र भिजवाकर एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए। एसपी की इस त्वरित कार्रवाई ने मौजूद लोगों में पुलिस के प्रति भरोसा और मजबूत किया।
जनसंवाद के बाद एसपी अमित कुमार ने क्षेत्र का भ्रमण कर कॉलोनी की व्यवस्थाओं और समस्याओं का प्रत्यक्ष निरीक्षण भी किया। उन्होंने अधिकारियों को कानून व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर डीएसपी अजय सारवान, रक्षित निरीक्षक मोहन भर्रावत, थाना प्रभारी औद्योगिक क्षेत्र निरीक्षक सत्येंद्र रघुवंशी, थाना स्टाफ, बीट प्रभारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। रतलाम पुलिस ने आमजन से अपील की कि वे अपनी समस्याएं और शिकायतें बिना संकोच पुलिस के सामने रखें, ताकि उनका समयबद्ध और प्रभावी निराकरण किया जा सके।

You missed

error: Content is protected !!