खबर पक्की, 11 मई, रतलाम। पुराने कलेक्टोरेट परिसर स्थित जनपद पंचायत कार्यालय के समीप बनी प्राचीन बावड़ी वर्षों से उपेक्षा का शिकार बनी हुई है। लंबे समय से साफ-सफाई नहीं होने के कारण बावड़ी में गंदगी और कचरा जमा हो गया है, जिससे आसपास के क्षेत्र में बदबू फैल रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बावड़ी की हालत लगातार खराब होती जा रही है और कई बार जानवर भी इसमें गिर जाते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
संघ के सीईओ अनिरुद्ध शर्मा, संजय शर्मा, आरआई के.सी. डोडियार एवं हेमंत सक्सेना ने नगर निगम प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि शहर में इन दिनों विभिन्न बावडिय़ों और जल स्रोतों की सफाई का अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन इस बावड़ी की ओर अब तक ध्यान नहीं दिया गया है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते बावड़ी की सफाई करवाई जाए और उसके ऊपर सुरक्षा जाली लगाई जाए तो यह न केवल स्वच्छ बनी रहेगी, बल्कि दुर्घटनाओं पर भी रोक लगेगी।
उन्होंने बताया कि प्राचीन बावडिय़ां शहर की जल संरचना का महत्वपूर्ण हिस्सा होती हैं। यदि इनका संरक्षण किया जाए तो आसपास के क्षेत्र का जलस्तर बढ़ाने में भी मदद मिलती है। साथ ही भविष्य में इसका पानी उपयोग योग्य भी हो सकता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर बावड़ी की सफाई, गहरीकरण एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि क्षेत्रवासियों को गंदगी और बदबू से राहत मिल सके।
पुरानी बावड़ी की सफाई और सुरक्षा जाली लगाने की मांग, क्षेत्र में फैल रही बदबू से लोग परेशान
