• Thu. Sep 17th, 2026

मध्य प्रदेश में सबसे गर्म रहा रतलाम, पारा 45 डिग्री के पार पहुंचा, झुलसाने वाली रही गर्मी

BySurendra Jain

May 11, 2026

खबर पक्की, 11 मई, रतलाम। मध्य प्रदेश के रतलाम शहर सहित कई शहरों में पिछले तीन-चार दिन से गर्मी बढ़ती जा रही है। रतलाम में तीन दिन से लगातार तापमान में इजाफा हो रहा है और रतलाम में इस साल 10 मई 2026 का दिन सबसे गर्म दिन रहा। तापमान ने पिछले सारे रिकार्ड तोड़ दिए और पारा 45.5 डिग्री पर पहुंच गया। दिनभर हीटवेव चलती रही और लू के प्रकोप, तपिश व तेज धूप से लोग परेशान होते रहे। मौसम विभाग ने 12 जुलाई से प्रदेश के कई जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार रतलाम में तीन दिन पहले 07 मई 2026 को अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री, 08 मई को 43.5 डिग्री और 09 मई को अधिकतम तापमान 44 डिग्री था, वहीं 10 मई को अधिकतम तापमान ने इस साल के पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए और तापमान 45.5 डिग्री दर्ज किया गया। इस प्रकार तीन दिन में रतलाम में चार डिग्री तापमान की वृद्धि हुई है। गर्मी बढऩे के साथ ही तीन दिन से रतलाम में लू का असर रहा और दिन भर गर्म हवा चलती रही। हीटवेव व तपिश ने लोगो को परेशान कर रख दिया और दिनभर लोग पसीने में तर होते रहे। दोपहर 12 से शाम चार बजे तक झुलसाने वाली तेज धूप और गर्म हवा चलती रही। इस दौरान सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम रही। लोगों ने बताया कि दोपहर में झुलसने जैसी गर्मी का अहसास हुआ।
और बढ़ सकता है तापमान
प्रदेश के इंदौर, सागर, भोपाल, खडंवा, उज्जैन, नर्मदापुरम आदि जिलों में तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच गया है। अगले दो-तीन दिन में मध्य प्रदेश के कई जिलों में तापमान और बढ़ सकता है। पश्चिम और मालवा-निमाड़ क्षेत्र में लू जैसे हालात बनने की संभावना है। धार, खड़ंवा, खरगौन, भोपाल, ग्वालियर, इंदौर व उज्जैन संभाग के कई जिलों में अधिकतम तापमान (दिन का) 42 से 45 डिग्री रह सकता है। वहीं 12 जुलाई 2026 से कई जिलों में लू चल सकती है।
रात के तापमान में भी इजाफा
दिन के साथ ही रात के तापमान में भी लगातार इजाफा हो रही है। रतलाम में 06 मई को जहां न्यूनतम तापमान (रात का) 24.6 डिग्री, 07 मई को 25 डिग्री, 08 मई को 25.6 डिग्री रहा था तो 09 मई को न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री दर्ज किया गया तो 10 मई को न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस रहा।

error: Content is protected !!