• Sat. Aug 1st, 2026

हत्या के आरोपियों के घर तोडफ़ोड़, मकान में लगाई आग, रतलाम के विक्रमगढ़ में तनाव, शव सड़क पर रख बैठे; जेसीबी चलाकर ढहाया अवैध हिस्सा

BySurendra Jain

May 3, 2026

खबर पक्की, 3 मई, रतलाम। आलोट के विक्रमगढ़ में 22 साल के युवक का अपहरण और उज्जैन में हत्या करने के बाद आलोट में तनाव है। रविवार सुबह युवक का शव पीएम के बाद विक्रमगढ़ पहुंचा। परिजन शव लेकर विक्रमगढ़ फाटक मार्ग पर बीच सड़क पर बैठ गए। आरोपियों के घर बुलडोजर चलाने व जुलूस निकालने की मांग करने लगे।
4 से 5 घंटे की समझाइश के बाद भी जब पीडि़त पक्ष नहीं माना तो प्रशासन ने दो आरोपियों के घर जेसीबी चलाई। प्रशासन की कार्रवाई के बाद भीड़ आक्रोशित हो गई। एक आरोपी के घर में घुसकर तोडफ़ोड़ कर दी। घर का सारा सामान बाहर फेक दिया। घर पर पत्थर फेंके गए। यहां तक घर में आग लगा दी। इतना सुब कुछ होने के बाद भी पुलिस कुछ नहीं कर पाई। दूसरे आरोपी के यहां जाती हुई भीड़ को पुलिस को सख्ती से रोकना पड़ा। घटनाक्रम के बाद आलोट में तनाव की स्थिति है।
विक्रमगढ़ निवासी मनीष माली पिता दिनेश माली का शुक्रवार रात से लापता था। पिता ने थाने में शिकायत करते हुए अपहरण की शंका जताई थी। कुछ लोगों के नाम बताए। पुलिस ने उन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इसके बाद मनीष का शव शनिवार शाम उज्जैन के नील गंगा थाना क्षेत्र के हाटकेश्वर विहार में एक कमरे में मिला था। हत्या की जानकारी मिलने पर परिजन आक्रोशित हो गए थे। बड़ी संख्या में भीड़ ने रात में आलोट थाने का घेराव कर दिया। यहां तक जिन आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में लिया था उन्हें बाहर निकालने के लिए थाने का चैनल गेट तक तोडऩे की कोशिश की थी।
शव रख सड़क पर बैठे, अवैध हिस्सा तोड़ा
रविवार सुबह शव उज्जैन से विक्रमगढ़ पहुंचा। परिजन शव को लेकर विक्रमगढ़ मार्ग पर सुबह करीब 10 बजे बैठ गए। आरोपियों का जुलूस और उनके घर बुलडोजर चलाने की मांग करने लगे। अधिकारियों ने समझाया। लेकिन कोई मानने के लिए तैयार नहीं था। आखिर करीब दो बजे प्रशासन व पुलिस के अधिकारी जेसीबी लेकर आरोपी यश व मुजफ्फर के मकान पर पहुंचे। दोनों के मकान के बाहरी हिस्से पर जेसीबी चलाकर अवैधा हिस्सा तोड़ दिया।
घर में घुसकर की तोडफ़ोड़, सारा सामान बाहर फेका
प्रशासन की कार्रवाई के बाद गुस्साई भीड़ आरोपी के यश माली के घर में घुस गई। भीड़ में महिलाएं भी शामिल रही। घर के अंदर जो भी सामान हाथ में आया तोडफ़ोड़ घर से बाहर फेक दिया। सब कुछ पुलिस के सामने होता रहा। लेकिन किसी ने नहीं रोका। बताया जा रहा है कि आरोपी यश के पिता डॉक्टर है। घर के नीचे उनका क्लीनिक था। जो कि पूरा तहस-नहस कर दिया। यहां तक घर में आग भी लगा दी। फायक ब्रिगेड ने पहुंच कर आग बुझाई।
दूसरे आरोपी के यहां जाते हुए भीड़ को रोका
एक अन्य आरोपी मुजफ्फर के मकान की तरफ भी भीड़ जाने लगी। लेकिन पुलिस ने जैसे-तैसे भीड़ को रोका। गुस्साई भीड़ व पुलिस आमने-सामने हो गई। इसके बाद भीड़ वापस सड़क मार्ग पर आई। आरोपियों के जुलूस निकालने की मांग करने लगी। मकान पर जेसीबी चलने के बाद परिजनों ने शव ले जाकर अंतिम संस्कार किया।
पांच आरोपियों को किया गिरफ्तार
हत्या करने वाले मुख्य तीन व दो इनके साथ थे। पुलिस ने कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिनमें मुख्य आरोपी यश, मयंक व मुजफ्फर है। इनके दो अन्य साथी रितेश व निलेश माली है।
आलोट थाना प्रभारी मुनिंद्र गौतम ने बताया पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपियों के मकान के अवैध हिस्से को तोडऩे की कार्रवाई राजस्व की टीम ने की है। घर में घुस कर तोडफ़ोड़ के मामले में जांच की जा रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे, नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

You missed

error: Content is protected !!