• Thu. Jul 30th, 2026

लूट के खुलासे के लिए बनाई एसआईटी, रात में घटनास्थल पहुंचे एसपी, बाइक सवार पिता और बेटी को नकाबपोशों ने लूटा था

BySurendra Jain

Apr 14, 2026

खबर पक्की, 14 अप्रैल, रतलाम। जिले के बाजना क्षेत्र के माही नदी के पास रविवार देर रात बाइक सवार पिता ओर बेटी के लूटपाट की घटना के बाद सोमवार रात एसपी अमित कुमार घटनास्थल पहुंचे। अपने स्तर से उन्होंने पुलिस अधिकारियों से जांच के पाइंट तय किए। साथ ही घटना को शीघ्र पर्दाफाश कर बदमाशों को पकडऩे के लिए एसआईटी भी बना दी है।
लूट की घटना को गंभीरता से लेते हुए एसपी अमित कुमार सोमवार रात घटनास्थल पर पहुंचे। घटनास्थल का मौका मुआयना किया। हर एक पहलू को जांचा। मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया।
ओवरटेक कर घेरा, चाकू अड़ाया था
राजस्थान के बांसवाड़ा जिले के कुशलगढ़ निवासी कादर खान अपनी बेटी नजराना और तीन वर्षीय पोता शादाब के साथ बाइक से जावरा से अपने घर लौट रहे थे। रात में जब वे रतनपुर के पास माही नदी से निकले तो कुछ लोगों ने उन्हें रोकने को कहा। लेकिन उन्होंने अपनी बाइक नहीं रोकी। तब पीछा कर दो बाइक पर आए 6 नकाबपोशों ने ओवरटेक करते हुए माही नदी से करीब 9 किलोमीटर दूर रात करीब 12 बजे उन्हें घेर कर रोक लिया।
एक बदमाश ने कादर खान की गर्दन पर चाकू अड़ा दिया। बदमाशों ने कादर खान के पास से करीब 5000 नकद एवं उनकी बेटी से पर्स में रखे 15 हजार नगद, मंगलसूत्र एवं कान के सोने के टॉप्स छिन लिए। इसके अलावा बाईक की चाबी, ड्राइविंग लाइसेंस, आधार कार्ड के साथ कपड़ों से भरा बैग और दोनों के मोबाइल व अन्य सामान लूट लिया। यहां तक उनके पास चाकू था जिससे पैर में पहनी चांदी की पाइजब भी काटने की कोशिश की। इसी दौरान बाजना की तरफ से एक पिकअप की रोशनी देख बदमाश रतलाम की तरफ भाग गए।
रिश्तेदारों के घर पहुंचे
पिता और बेटी रात में बाजना में अपने रिश्तेदार के यहां पहुंचे। उन्हें घटना की जानकारी देकर रात में वही रुके। सोमवार दोपहर बाजना थाना पहुंच घटनाक्रम बताया। इसके बाद पुलिस अलर्ट हुई। पिता कादर खान को लेकर बाजना थाना पुलिस व रतलाम सायबर टीम घटनास्थल पहुंची। इसके बाद अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया।
18 से 22 साल की उम्र
कादर बेटी के साथ जावरा शादी में गए थे। रात में उनकी बहू की डिलेवरी होने की जानकारी मिलने पर रात में ही वह जावरा से अपने घर जाने के लिए निकल गए थे। कादर खाने के अनुसार बदमाशों ने मुहं पर कपड़ा बांध रखा था। जिनकी उम्र करीब 18 से 22 साल की थी।
4 से 5 दिन पहले टीआई लाईन अटैच
बाजना थाना प्रभारी मनीष डाबर को कार्य में लापरवाही बरतने को लेकर एसपी अमित कुमार ने 4 से 5 दिन पहले ही लाइन अटैच किया था। इसके बाद थाना का प्रभारी सब इंस्पेक्टर आरसी खपेड़ के पास था।
तलाश जारी है- एसपी
एसपी ने बताया पूर्व की घटनाओं को देखते हुए लूट के आरोपियों की तस्दीक की जा रही है। घटना के खुलासे के लिए एसआईटी बनाई है। संदिग्ध लोगों की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है। साइबर सेल टीम तकनीकी साक्ष्यों से छानबीन में जुटी है।

error: Content is protected !!