• Fri. Jul 31st, 2026

थाना रावटी पुलिस की बड़ी सफलता : 5 साल से फरार हत्या के दो आरोपी गिरफ्तार

BySurendra Jain

Apr 9, 2026

खबर पक्की, 9 अप्रैल, रतलाम। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार के मार्गदर्शन में जिले में फरार अपराधियों की धरपकड़ हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना रावटी पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने हत्या के एक सनसनीखेज मामले में पिछले 5 वर्षों से फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह मामला 8 मई 2021 का है (अपराध क्रमांक 148/2021), जब थाना रावटी अंतर्गत ग्राम खेरियारूंडी कला में मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया था। मुख्य आरोपी सतवन पिता मावजी कटारा ने अपने सगे भाई सुमित कटारा से मोटरसाइकिल मांगी थी। सुमित द्वारा मना करने पर सतवन ने आवेश में आकर खेत में पत्थर से वार किया और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इस पूरी घटना की चश्मदीद गवाह मृतक की पत्नी राधा बाई थी।
न्यायिक कार्रवाई और नए खुलासे
पुलिस ने पूर्व में मुख्य आरोपी सतवन कटारा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था, जहाँ 30 सितंबर 2024 को माननीय द्वितीय अपर सत्र न्यायालय रतलाम ने उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई। मामले में नया मोड़ तब आया जब राधाबाई के धारा 164 के बयानों के आधार पर हत्या की इस साजिश में सतवन की पत्नी कमलाबाई और उसके पुत्र राकेश की संलिप्तता भी उजागर हुई। तब से ही ये दोनों आरोपी फरार चल रहे थे, जिनकी गिरफ्तारी के लिए जांच जारी थी।
एसडीओपी सैलाना श्रीमती नीलम बघेल के नेतृत्व में थाना रावटी पुलिस लगातार इन आरोपियों की तलाश में जुटी थी। 9 अप्रैल 2026 को सटीक मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर फरार आरोपी कमलाबाई कटारा पति सतवन कटारा और राकेश पिता सतवान कटारा को सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस चुनौतीपूर्ण कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में थाना प्रभारी रावटी निरीक्षक सुरेंद्र गडरिया, उप निरीक्षक एम.आई. खान, प्रधान आरक्षक शौकीन धाकड़, आरक्षक बहादुर, अवधेश, सुरेंद्र राठौड़ और राहुल मईड़ा का विशेष योगदान रहा। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

error: Content is protected !!