• Thu. Jul 30th, 2026

पोल्ट्री फार्म में चल रही एमडी ड्रग फैक्ट्री पकड़ी : रतलाम में 80 लाख का माल जब्त, 4 गिरफ्तार; आधी रात को पुलिस ने दी दबिश

BySurendra Jain

Mar 31, 2026

खबर पक्की, 31 मार्च, रतलाम। जिले के पिपलौदा के कंचनखेड़ी गांव में सोमवार रात पुलिस ने पोल्ट्री फार्म में संचालित अवैध मादक पदार्थ एमडी बनाने की फैक्ट्री पकड़ी। पोल्ट्री फार्म से 20 लाख रुपए की 200 किलो एमडी के साथ एमडी बनाने का केमिकल व अन्य सामग्री मिली है।
पोल्ट्री फार्म से 4 लोगों को गिरफ्तार किया है, जो एमडी बनाने के काम में शामिल थे। मुख्य सरगना राजस्थान के देवल्दी का रहने वाला है। वह मंदसौर पुलिस से फरार चलते हुए रतलाम में छिपकर अवैध रूप से एमडी बनाने का कारखाना संचालित कर रहा था।
एसपी अमित कुमार ने एमडी बनाने की फैक्ट्री का खुलासा मंगलवार दोपहर पुलिस कंट्रोल रुम पर किया। एसपी कुमार ने बताया तीन से चार दिन पहले सूचना मिली थी कि कंचनखेड़ी स्थित एक पोल्ट्री फार्म पर अवैध रूप से एमडी बनाने का कारखाना संचालित किया जा रहा है।
सूचना के आधार प्लान बनाकर टीम बनाई। एएसपी विवेक कुमार लाल, जावरा एसडीओपी संदीप मालवीय के नेतृत्व में सायबर सेल, थाना पिपलौदा, थाना जावरा शहर व थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा की संयुक्त टीम बनाई।
सुबह तक चली कार्रवाई
पुलिस टीम ने सोमवार रात करीब 11.55 बजे दबिश दी। पुलिस ने किसी भी प्रकार से कार्रवाई को लेकर भनक तक नहीं लगने दी। चारों तरफ से पोल्ट्री फार्म की घेराबंदी की, ताकि अंदर से कोई भाग ना सके। दबिश के दौरान पोल्ट्री फार्म में से 4 लोग मिले।
पुलिस को देख भागने का प्रयास किया। लेकिन पुलिस ने चारों को पकड़ लिया। चारों मिलकर केमिकल का उपयोग कर एमडी बना रहे थे। मंगलवार सुबह 9 बजे तक कार्रवाई चली। फैक्ट्री को पकडऩे में जावरा औद्योगिक थाने के आरक्षक बालकृष्ण चंदेल की मुखबिरी से रतलाम पुलिस को यह रैकेट पकडऩे में सफलता मिली।
तलाशी लेने पर 20 लाख की एमडी मिली
कार्रवाई के दौरान तलाशी ली तो 200 ग्राम एमडी तैयार मिली। इसके साथ एमडी बनाने के केमिकल, गैस सिलेंडर, गैस चूल्हा, ड्रायर मशीन, इलेक्ट्रिक बोर्ड. छाछ बनाने की मशीन, स्टील की थालियां, प्लास्टिक कैन एवं अन्य प्रोसेसिंग उपकरण, तीन मोबाइल जब्त किए। आरोपियों से पूछताछ में अवैध मादक पदार्थ एमडी बनाना स्वीकार किया। चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट में पिपलौदा थाने में केस दर्ज किया।
इन्हें किया गिरफ्तार
रईस खान (35) पिता असलम खान निवासी राकोदा थाना पिपलौदा, युसूफ (45) पिता शमशेर खान निवासी बोरखेड़ा थाना पिपलौदा, सलीम उर्फ राजू (40) पिता अहमद खान निवासी बन्नाखेड़ा थाना आईए जावरा एवं जमशेद खान उर्फ सेठ (42) पिता अफजल खान निवासी देवल्दी थाना अरनोद जिला प्रतापगढ़ राजस्थान को गिरफ्तार किया।
मास्टरमाइंड देवल्दी का जमशेद खान
एसपी अमित कुमार ने बताया कि पोल्ट्री फार्म हाउस सलीम उर्फ राजू (40) पिता अहमद खान निवासी बन्नाखेड़ा थाना आईए जावरा का है। जबकि एमडी बनाने का मास्टर माइंड देवल्दी का जमशेद खान है, जो वर्तमान में एनड़ीपीएस के मामले में गरोठ पुलिस से फरार चल रहा है। इसके खिलाफ पूर्व से अलग-अलग 4 एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज हैं। फरारी के दौरान यह पोल्ट्री फार्म में छिपकर पिछले तीन से चार माह से एमडी बना रहा था। एमडी बनाने में पोल्ट्री फार्म संचालक सलीम खान, गांव का चौकीदार युसूफ खान व एक रईस खान शामिल है।
एसपी के अनुसार मुख्य सरगना जमशेद लाला राजस्थान व एमपी में एमडी ड्रग सप्लायर का काम करता है। इसे ड्रग पैडलरों ने कोड वर्ड में डॉक्टर की उपाधि दे रखी है। जमशेद लाला अंतर्राज्यी स्तर पर ड्रग बनाने का अनुभवी निर्माता है। इसके खिलाफ राजस्थान, गुजरात एवं मध्यप्रदेश में पूर्व से कई केस दर्ज है।
एक दिन पहले 3 किलो एमडी सप्लाई की
एसपी के अनुसार जमशेद लाला की गिरफ्तारी से एक बड़ा संगठित ड्रग मैन्युफैक्चरिंग नेटवर्क का बड़ा खुलासा हुआ है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया एमडी बनाने में रसायनों (केमिकल) की सप्लाई राजस्थान के प्रतापगढ़ के अरबाज एवं साकरिया द्वारा की जाती है। दबिश के एक दिन पहले 3 किलो एमडी एक पार्टी को भी सप्लाई करना सामने आया है। एसपी के अनुसार इस बड़े नेटवर्क के सप्लाई चेन की जांच की जा रही है। अन्य जो भी इस रैकेट में शामिल है उनकी तलाश जारी है।

error: Content is protected !!