खबर पक्की, 19 मार्च, रतलाम। 17 साल की किशोरी का शव घर से 200 फीट दूर मिला। उसके गले पर दुपट्टा लिपटा था, जिसमें गांठ लगी थी। पिता ने बेटी के साथ रेप के बाद हत्या की आशंका जताई है। चार युवकों का नाम लेते हुए एक आरोपी को पुलिस को सौंपने की बात भी कही है। हालांकि, पुलिस अभी कुछ भी साफ कहने से बच रही है। मामला रतलाम के सरवन थाना इलाके में सेमलखेड़ा ग्राम पंचायत के एक गांव का है।
नाबालिग के पिता ने पुलिस को बताया कि गांव में बुधवार रात पारिवारिक शादी थी। दोनों बेटियां रात 10 बजे शादी में गई थी। घर पर उनकी मां, छोटा भाई और दादा-दादी थे। पिता गेहूं काटने मजदूरी पर गया था।
पिता ने बताया कि वह गुरुवार सुबह 4 बजे घर लौटा। परिजन से पता चला कि दोनों बेटियां शादी से अब तक नहीं लौटी हैं। वह शादी वाले घर पहुंचा, जहां बेटी की सहेली मिली। उसने बताया कि बेटी तो रात 3 बजे ही घर चली गई थी। हालांकि, छोटी बेटी वहीं पर थी। उसने बताया कि दीदी को चार लड़के लेकर गए हैं। पिता ने बताया कि छोटी बेटी ने उन लड़कों के नाम भी बताए। पिता पहले एक लड़के के घर गया। उसने दूसरे का नाम बताया। इस तरह एक-एक कर चारों लड़कों को पकड़कर घर लेकर आया।
यहां परिजन ने उनसे पूछताछ की तो उन्होंने बेटी के घर की तरफ रास्ते पर होने की बात कही। परिजन ढूंढने निकले तो घर से 200 फीट दूर जमीन पर बेटी की लाश मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी।
पिता बोले- 4 आरोपियों में से 3 भाग निकले
पिता का कहना है कि अगर बेटी फांसी लगाती तो लाश पेड़ पर मिलती। शव जमीन पर पड़ा मिला है। जिन चार लड़कों को पकड़ा था, उनमें से तीन भाग गए। एक को पकड़कर पुलिस को दिया है। उन्होंने कहा कि जब बेटी को लड़के ले जा रहे थे तो छोटी बेटी ने शोर मचाया था। लेकिन उसकी आवाज डीजे के शोर में दब गई।
साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही पुलिस
एएसपी विवेक कुमार लाल ने कहा- किशोरी की लाश संदिग्ध परिस्थितियों में मिली है। किन परिस्थितियों में मौत हुई, साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रहे हैं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
नाबालिग का शव मिला, गले में दुपट्टा लिपटा था, पिता बोले- शादी से उठा ले गए 4 युवक, रेप के बाद हत्या की
