खबर पक्की, 10 मार्च, रतलाम। आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं पुलिस प्रशासन के प्रति विश्वास को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कार्यालय रतलाम में जनसुनवाई का आयोजन किया गया।
एसपी अमित कुमार के निर्देशन में आयोजित इस जनसुनवाई में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए 35 आवेदकों की शिकायतों को गंभीरता से सुना गया।
जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा प्राप्त शिकायतों के संबंध में संबंधित थाना प्रभारियों से प्रकरणों की वर्तमान स्थिति तथा अब तक की गई कार्यवाही की जानकारी ली गई। साथ ही नई प्राप्त शिकायतों पर शीघ्र एवं प्रभावी कार्रवाई कर उनका संतोषजनक निराकरण करने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने पूर्व में आयोजित जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए उनकी प्रगति की भी जांच की और संबंधित अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करना है। इसी क्रम में जनसुनवाई की प्रक्रिया नियमित रूप से जारी रखी जाएगी, ताकि नागरिकों की शिकायतों का समयबद्ध निराकरण किया जा सके।
साथ ही थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए यथासंभव मौके पर ही निराकरण किया जाए तथा की गई कार्यवाही की जानकारी आवेदकों को अवश्य दी जाए। रतलाम पुलिस द्वारा आमजन की शिकायतों के समाधान के लिए इस प्रकार की जनसुनवाई प्रक्रिया लगातार जारी रखी जा रही है, जिससे नागरिकों को त्वरित न्याय और सहायता मिल सके।
एसपी कार्यालय में जनसुनवाई, 35 आवेदकों की सुनी गई समस्याएं
