• Sat. Aug 1st, 2026

एसपी द्वारा रात्रि में थाना स्टेशन रोड पहुंचकर किया आकस्मिक निरीक्षण, रात्रि गश्त का निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों को दिए कड़े दिशा-निर्देश

BySurendra Jain

Dec 18, 2025

खबर पक्की, 18 दिसंबर, रतलाम। जिले में कानून-व्यवस्था एवं नागरिकों की सुरक्षा को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अमित कुमार द्वारा 16-17 दिसंबर की दरमियानी रात्रि को थाना स्टेशन रोड का आकस्मिक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह जादौन से थाने पर उपस्थित बल, रात्रिकालीन ड्यूटी चार्ट, गश्त एवं चेकिंग में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जानकारी प्राप्त की गई। उन्होंने रात्रि गश्त की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए सतर्कता एवं सक्रियता बनाए रखने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना परिसर स्थित हवालात, शस्त्रागार एवं मालखाने का भी निरीक्षण किया गया। हवालात में बंद बंदियों की स्थिति की जानकारी लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता एवं बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही खुराक की स्थिति का जायजा लिया गया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इसके पश्चात पुलिस अधीक्षक रात्रि में शहर की गश्त व्यवस्था के निरीक्षण हेतु रवाना हुए। उन्होंने शहर के प्रमुख मार्गों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन क्षेत्र सहित मुख्य चौराहों का भ्रमण कर सुरक्षा एवं गश्त व्यवस्था का निरीक्षण किया। गश्त में तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संवाद कर उन्हें लगातार भ्रमण, सतर्क निगरानी एवं संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
शीत ऋतु को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस अधीक्षक द्वारा ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को ठंड से बचाव हेतु गर्म वस्त्र पहनने एवं स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां बरतने के भी निर्देश प्रदान किए गए। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि रात्रिकालीन गश्त एवं चेकिंग व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जाए ताकि आम नागरिक स्वयं को सुरक्षित महसूस कर सकें तथा जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके।

You missed

error: Content is protected !!