खबर पक्की, 11 नवंबर, रतलाम। दिल्ली में लाल किला मैदान के पास हुए कार में धमाके की घटना के बाद रतलाम पुलिस भी अलर्ट मोड पर आ गई है। सोमवार रात एसपी अमित कुमार, एएसपी राकेश खाखा समेत तमाम अधिकारी डॉग स्क्वॉड के साथ सड़क पर उतरे और विशेष चेकिंग अभियान चलाया।
दिल्ली की घटना के बाद सोमवार रात में ही डीजीपी कैलाश मकवाना ने सभी आईजी और एसपी के साथ वीडियो क्रॉन्फेसिंग की। डीजीपी ने सतर्कता बरतने और संदिग्धों पर नजर रखने और चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए। इसी को देखते हुए रतलाम एसपी अमित कुमार ने भी पुलिस अधिकारियों को अलर्ट रहकर लगातार जांच अभियान चलाने को कहा।
बस स्टैंड-रेलवे स्टेशन पर डॉग स्क्वॉड के साथ चेकिंग
रात में ही एसपी अमित कुमार, एएसपी राकेश खाखा, सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया, स्टेशन रोड थाना प्रभारी जितेंद्रपाल जादौन समेत सभी थाना प्रभारी बल के साथ अपने-अपने थाना क्षेत्रों में जांच के लिए पहुंचे। एसपी ने शहर के माणकचौक थाना क्षेत्र में घूमे। एएसपी, सीएसपी ने बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन क्षेत्र, रेल्वे स्टेशन रोड, दिलबहार चौराहा समेत अन्य जगहों पर डॉग स्क्वॉड के साथ चार पहिया वाहनों की जांच की। वाहनों की डिग्गी खुलवाकर देखा गया। होटलों के बाहर खड़े युवाओं के बैग जांचे गए।
रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के अंदर जांच
देर रात जीआरपी व आरपीएफ ने भी रेलवे स्टेशन पर डॉग स्क्वॉड के साथ चेकिंग अभियान चलाया। पार्सल घर समेत स्टेशन पर रात में आने-जाने वाली ट्रेनों के अंदर जाकर जांच की। डॉग स्क्वॉड की मदद से यात्रियों के सामान की भी जांच की गई। एएसपी राकेश खाखा ने बताया कि रतलाम पुलिस अलर्ट है। चेकिंग अभियान पूर्व से चल रहा है। दिल्ली में हुए धमाके को देखते हुए खास सतर्कता बरती जा रही है।
दिल्ली में धमाके के बाद रतलाम पुलिस अलर्ट : बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन पर की जांच; डॉग स्क्वॉड की मदद से ट्रेनों को जांचा
