• Sat. Aug 15th, 2026

पुलिस का विशेष रात्रिकालीन चेकिंग अभियान : असामाजिक तत्वों पर कसी नकेल, संदिग्ध व्यक्तियों की हुई गहन पड़ताल

BySurendra Jain

Nov 8, 2025

खबर पक्की, 8 नवंबर, रतलाम। जिले में चोरी-चकारी, अवैधानिक गतिविधियों तथा असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।
इस अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश खाखा एवं नगर पुलिस अधीक्षक रतलाम सत्येन्द्र घनघोरिया के मार्गदर्शन में रतलाम शहर के सभी थाना प्रभारियों द्वारा गत रात्रि विशेष चेकिंग की गई।
अभियान के दौरान थाना क्षेत्रों में स्थित उन स्थानों पर विशेष ध्यान दिया गया जहाँ बाहर से आकर अस्थायी रूप से डेरे, तंबू या झोपडिय़ां बनाकर लोग निवास कर रहे थे। पुलिस टीमों ने ऐसे व्यक्तियों से उनके आने का कारण, कामकाज, स्थायी पते तथा पहचान संबंधी दस्तावेजों की जानकारी ली।
इसके साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों के बारे में संबंधित स्थानीय थानों से संपर्क कर उनके सत्यापन (वेरिफिकेशन) की कार्रवाई भी की गई। अभियान के दौरान पुलिस ने मुख्य मार्गों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में भी सघन गश्त एवं चेकिंग की।
रतलाम पुलिस आमजन से अपील करती है कि यदि उनके आस-पास कोई संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि दिखाई दे, तो तत्काल निकटतम पुलिस थाना या डायल-112 पर सूचना दें। आमजन की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जिले में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण एवं असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जा रही है। इस प्रकार की कार्यवाही आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

You missed

error: Content is protected !!