खबर पक्की, 30 अक्टूबर, रतलाम। करमदी गांव में गुरुवार सुबह खेत में स्थित कुएं से एक महिला का शव मिला। शव को ग्रामीणों ने सुबह करीब 8.30 बजे देखा और पुलिस को सूचना दी। मृतका की पहचान 70 वर्षीय सीता बाई के रूप में हुई है। वे 10 दिन से घर से गायब थीं। पुलिस ने शव बाहर निकाले जाने के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज भेज दिया है और जांच शुरू कर दी है।
शव गांव के चौकीदार बालू के खेत में स्थित कुएं में मिला। सुबह करीब 8:30 बजे चौकीदार के भाई मुकेश भूरिया अपने खेत में गए तो पानी में शव दिखाई दिया। उन्होंने तुरंत ग्रामीणों को जानकारी दी और घटना की सूचना माणकचौक थाना को दी गई।
ग्रामीण राजेश पुरोहित ने बताया कि पिछले तीन दिन से लगातार बारिश हो रही थी, इसलिए खेतों पर लोग नहीं जा पा रहे थे। गुरुवार सुबह मौसम खुलने पर खेत में जाने पर कुएं में महिला का शव नजर आया।
बेटी ने पहचाना, महिला 10 दिन से लापता थी
महिला के हाथों में चूडिय़ां दिख रही थीं, लेकिन शुरुआती तौर पर पहचान नहीं हो पाई थी। मौके पर पहुंची माणकचौक पुलिस ने फोरेंसिक टीम के साथ सुबह 10.30 बजे ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला। पंचनामा कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया।
कुएं में शव मिलने पर करमदी रोड पर भीड़ जुट गई। इस बीच मांगरोल निवासी शांति बाई अपने पति के साथ वहां रुकीं और शव के कपड़े देखकर अपनी मां की पहचान कर ली। शांति बाई ने बताया कि उनकी मां 10 दिन से घर से गायब थी और परिजन गुमशुदगी दर्ज नहीं कराए थे। मृतका का एक बेटा रमेश निनामा भी उन दिनों मां की तलाश में दूसरी गांवों में गया हुआ था।
पैरों में चांदी की कडिय़ां गायब, लूट की संभावना पर जांच
बेटी ने बताया कि घर से निकलते समय मां ने पैरों में करीब एक किलो चांदी की कडिय़ां पहन रखी थीं, जो शव निकालने के समय नहीं मिलीं। कुएं मुख्य मार्ग से लगभग 200 फीट अंदर खेतों के बीच है। चांदी की कडिय़ां ना मिलने के कारण पुलिस लूट कर हत्या की संभावना पर भी गौर कर रही है।
पुलिस ने कहा- पीएम रिपोर्ट से कारण स्पष्ट होगा
माणकचौक पुलिस थाना प्रभारी पातीराम डावरे ने बताया कि शव डिकंपोज हो चुका है। थाना प्रभारी ने कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर हर पहलू की जांच की जाएगी और हत्या, दुर्घटना या आत्महत्या सभी सम्भावनाओं पर तफ्तीश की जा रही है। एफएसएल अधिकारी अतुल मित्तल भी मौके पर रहे।
कुएं में मिला महिला का शव : 10 दिन से लापता थी, पैरों की चांदी की कडिय़ां गायब
