खबर पक्की, 8 अक्टूबर, रतलाम। साइबर फ्रॉड के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। माणकचौक थाना क्षेत्र अंतर्गत एक व्यक्ति के खाते से साइबर फ्रॉड कर 87 हजार रुपए से अधिक की राशि निकाल ली गई। फरियादी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
भगत पूरी क्षेत्र निवासी अशोक भानावत ने अपने साथ साइबर फ्राड होने की शिकायत थाने में दी है। फरियादी के अनुसार 5 अक्टूबर को उनका फोन अचानक से लाक हो गया था। फोन चालू नहीं होने पर उन्होंने लाक खुलवाने के लिए दुकान पर दिया था।
उस फोन की सिम निकाल कर जब उन्होंने दूसरे मोबाइल पर लगाई तो उन्हें खाते से राशि कटने के मैसेज आए। तीन बार में उनके खाते से 87,498 की राशि निकाल ली गई। जब वे बैंक गए तो उन्हें पता चला कि साइबर फ्राड के माध्यम से किसी ने राशि निकाल ली है।
श्री भानावत ने शिकायत में बताया कि उनके फोन को हैक करके साइबर फ्राड के माध्यम से राशि खाते से निकली गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
