• Tue. Aug 18th, 2026

महिला पर धारदार हथियार से हमला कर छत से फेंका, मौत, रतलाम में पोते-पोती के साथ सो रही थी; जान बचाकर खेत में भागी पोती

BySurendra Jain

Sep 25, 2025

खबर पक्की, 25 सितंबर, रतलाम। जिले के रावटी थाना क्षेत्र के गांव भीमपुरा में एक 48 वर्षीय महिला की हत्या कर दी गई। आरोपियों ने महिला के ऊपर पहले सिर पर हथियार से हमला किया। इसके बाद छत से नीचे फेंक दिया। जिससे महिला की मौत हो गई। गुरुवार सुबह आसपास वालों को पता चला। तब पुलिस को सूचना दी।
देर रात घुसे अज्ञात बदमाश
मृतिका का नाम नानी बाई उर्फ नर्मदा पति कैलाश भूरिया है। घटनाक्रम देर रात करीब एक बजे हुआ। महिला अपने पोते और पोतियों के साथ घर की छत पर सो रही थी। इस दौरान दो अज्ञात लोग घर के गलियारे से छत पर चढ़े।
इसके बाद महिला के दाहिने तरफ कनपटी पर किसी हथियार से हमला किया। उसके बाद उसे छत से नीचे फेंक दिया। इस दौरान दोनों बदमाशों ने साथ में सो रही 10 साल की पोती लक्ष्मी का भी गला दबाने का प्रयास किया। लेकिन, वह वहां से भाग कर पास के खेत में जाकर छिप गई।
पति-बेटे मजदूरी पर गए थे
घटना के दौरान महिला का पति सूरत मजदूरी करने गया था। उनके दो बेटे और एक बेटी है, तीनों शादीशुदा है। बड़ा बेटा गुड्डू 10 दिन पहले मंदसौर के पिपलिया मंडी में पत्नी के साथ सोयाबीन काटने गया था।
दूसरा बेटा अनिल भी मजदूरी के लिए राजस्थान के कोटा गया था। सूचना मिलने पर गुड्डू सुबह पिपलिया मंडी से लौटा। वहीं दूसरा बेटा अनिल भी कोटा से रवाना हुआ। दोनों के बच्चे घर पर ही दादी के पास थे।
पोते-पोती के साथ सो रही थी
महिला अपने बेटे गुड्ड की बेटी लक्ष्मी (10), पायल (3) व दूसरे बेटे अनिल की बेटी रानू (8), बेटा कानू (6) व बेटी मोनिका के साथ सो रही थी। मृतिका की जेठानी धन्ना बाई ने बताया कि सुबह करीब 6 बजे लक्ष्मी ने आकर उन्हें बताया कि बड़ी बाई (दादी) छत से गिर गई है।
तब वहां से गुजर रहे गांव के हरिनारायण जो कि जंगल से लौट रहा था उसे रोका। उसे घटना के बारे में बताया। इसके बाद ग्राम पंचायत बीड़ के सरपंच लालसिंह भूरिया को सूचना दी। वह कैसे गिरी मुझे कोई जानकारी नहीं है।
सरपंच बोले- खेत में बच कर बचाई जान
सरपंच लालसिंह भूरिया ने बताया कि घर के नीचे ताले लगे थे। किसी प्रकार से कोई चोरी या लूट नहीं हुई है। पोती लक्ष्मी ने बताया कि दो लोग घर के गलियारे से ऊपर आए थे। दादी को छत से नीचे फेंक दिया।
मेरा भी गला दबाने का प्रयास किया। फिर वह वहां से भाग गई। सुबह उसने घर के पास रहने वाली मृतिका के जेठानी को जाकर बताया। अब पुलिस इस मामले की जांच करे। आरोपी को फांसी की सजा दी जाए।
बेटा बोला बेटी का फोन आया
मृतिका के बेटे गुड्डू ने बताया सुबह गांव से फोन आया। बेटी लक्ष्मी ने बात की। बेटी ने कहा मम्मी शांत हो गई है। छत से नीचे गिरी है। उसके बाद में रतलाम पहुंचा। हमारी किसी से कोई लड़ाई, झगड़ा नहीं है।
बच्चे नीचे जाकर सो गए थे
एएसपी राकेश खाखा ने बताया प्राथमिक जांच में सामने आया है कि घटना के समय सभी बच्चे छत से नीचे उतरकर कमरे में जाकर सो गए थे। सुबह पड़ोसी को जानकारी मिली। मौके पर जाकर हर एक पहलू को देखा है। महिला को धारदार हथियार से मारने के निशान भी मिले है। छत से कैसे गिरी है या गिराया। सारे एंगल से जांच की जा रही है। पोती द्वारा दो व्यक्तियों के होने की बात बताई है। अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। जल्द मामले का खुलासा किया जाएगा।

You missed

error: Content is protected !!