खबर पक्की, 23 सितंबर, रतलाम। पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक श्री विवेक कुमार गुप्ता ने पश्चिम रेलवे मुख्यालय, मुंबई में आयोजित समारोह में रतलाम मंडल के 2 कर्मचारियों सहित कुल 12 कर्मचारियों को महाप्रबंधक संरक्षा पुरस्कार से सम्मानित किया। इन कर्मचारियों को यह सम्मान उनके उत्कृष्ट कार्य और सतर्कता के लिए दिया गया, जिनके कारण सुरक्षित और निर्बाध ट्रेन परिचालन सुनिश्चित हो सका।
ये सभी कर्मचारी अगस्त 2025 के दौरान अपनी ड्यूटी के प्रति सजग रहते हुए संभावित दुर्घटनाओं को समय रहते रोकने में सफल रहे। इस अवसर पर महाप्रबंधक श्री गुप्ता ने सम्मानित कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि ये कर्मचारी अपनी लगन और समर्पण के बल पर दूसरों के लिए प्रेरणास्रोत बने हैं।
उन्होंने बताया कि कर्मचारियों ने संरक्षा के विभिन्न क्षेत्रों जैसे – टूटे हुए बोल्ट की पहचान, कोच/इंजन के नीचे धुआं या चिंगारी का पता लगाना, ट्रैक फ्रैक्चर का पता लगाना, कपलर बॉडी में खराबी, वैगनों एवं दुर्घटना राहत ट्रेन में लटकती वस्तुओं की पहचान, और खुले लेवल क्रॉसिंग गेट से पहले आपातकालीन ब्रेक लगाकर दुर्घटना रोकना आदि में अपनी दक्षता और जिम्मेदारी का परिचय दिया।
रतलाम मंडल के दोनों कर्मचारियों ने पूर्ण ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ अपने कार्यों का निर्वहन करते हुए संभावित दुर्घटनाओं को समय पर टाला।
छोटू लाल मीना, टेक्नीशियन ग्रेड-1, ने 11 अगस्त 2025 को रतलाम में लाइन-08 पर रेक परीक्षण के दौरान एक वैगन में कपलर बॉडी ब्रोकेन की पहचान कर उसे सिक मार्क किया। उनकी तकनीकी समझ और सतर्कता के कारण एक बड़ी दुर्घटना टल गई और ट्रेन संचालन सुरक्षित हो सका।
संजय कुमार, ट्रैक मेंटेनर, ने 16 अगस्त 2025 को अंडरपास संख्या 165 की एप्रोच पर भारी वर्षा के कारण ट्रैक सेटलमेंट देखते ही तुरंत संबंधित अधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद सुरक्षा की दृष्टि से 45 किमीप्रघंकी सतर्कता गति सीमा लागू की गई।
पश्चिम रेलवे को अपने इन समर्पित और सजग कर्मचारियों पर गर्व है, जिन्होंने त्वरित कार्रवाई और सजगता से किसी भी अप्रिय घटना की संभावना को समय रहते रोकने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
रतलाम मंडल के 2 कर्मचारियों को मिला महाप्रबंधक संरक्षा पुरस्कार
