• Thu. Aug 20th, 2026

8 लेन एक्सप्रेस-वे का हिस्सा धंसा, बारिश से मिट्टी का कटाव, मार्ग किसी भी तरह से प्रभावित नहीं

BySurendra Jain

Sep 13, 2025

खबर पक्की, 13 सितंबर, रतलाम। रतलाम से गुजर रहे दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस रोड का साइड का एक हिस्सा बारिश से धंस गया। रोड का यह हिस्सा धामनोद से पंचेड़ जाने वाले मार्ग के बीच से गुजर रहे 8 लेन ब्रिज के पास है। 8 लेन एक्सप्रेस के अधिकारियों के मुताबिक जो हिस्सा धंसा है वह रोड का नहीं है। रोड के साइड किनारे गेबियन वॉल बनाई जाती है उसका हिस्सा है। मार्ग किसी भी तरह से प्रभावित नहीं हुआ है।
बता दें कि दिल्ली से मुंबई तक करीब एक लाख करोड़ रुपए की लागत से 1350 किलोमीटर लंबा एक्सप्रेस वे बनाया है। इस एक्सप्रेस वे का 245 किलोमीटर लंबा हिस्सा मध्यप्रदेश के मंदसौर, रतलाम और झाबुआ क्षेत्र से होकर गुजर रहा है। मध्यप्रदेश में 245 किलोमीटर एक्सप्रेस-वे निर्माण पर 11 हजार 183 करोड़ रुपए का खर्च हुआ है। इसके बावजूद हाल में ही हुई लगातार बारिश ने निर्माण कार्य की पोल खोल कर रख दी है।
रोड के किनारे बनाया जाता है पत्थरों का बेस
रोड किनारे मिट्टी के कटाव को रोकने के लिए पत्थरों को लोहे के तार बांध कर दीवार बनाई जाती है। जिसे गेबियन वॉल (दीवार) कहा जाता है। उसी का एक हिस्सा धंसा है। 8 लेन के अधिकारियों को इस बारे में बता चला तो इसको सुधारने में जुटे। रोड किनारे गेबियन वॉल को सुधारने के लिए सभी पत्थरों व मिट्टी को निकालकर नए सिरे से सुधारा जा रहा है।
वीडियो सामने आया
जिस रोड का हिस्सा धंसा है उसका वीडियो भी सामने आया है। कर्मचारी भी काम करते हुए दिख रहे है। लेकिन अधिकारी उस वीडियो को काम के दौरान का बता रहे हैं। एनएचआई के प्रोजेक्ट मैनेजर संदीप पाटीदार ने बताया बहुत ज्यादा बारिश के कारण गेबियन वॉल का एक हिस्सा डेमेज हुआ था। गेबियन वॉल रोड किनारे बड़े-बड़े पत्थरों को जमा कर लोहे के तार से बांध कर बनाया जाता है। जो मिट्टी के कटाव को रोकती है। इसके रिपेयर का तरीका यह है कि पूरी वॉल खोलना पड़ती है। सारे पत्थर हटाकर वापस से जमाए जाते है। अभी वहीं काम चल रहा है। मेन एक्सप्रेस वे पर कोई डैमेज नहीं है। ट्रैफिक चालू है। जो वीडियो आया है वह हमारे द्वारा खोली गई वॉल का है।

error: Content is protected !!