खबर पक्की, 5 सितंबर, रतलाम। शुक्रवार को हजरत मोहम्मद साहब का जन्मदिन ईद मिलादुन्नबी के रूप में धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर सीरत कमेटी के तत्वावधान में जुलूस निकाला गया, जिसमें तिरंगे झंडों के साथ-साथ इस्लाम जिंदाबाद लिखे झंडे भी लहराए गए।
जुलूस में शामिल लोग हाथों में तख्तियां लेकर चलते नजर आए, जिन पर समाज सुधार से जुड़े संदेश- आधी रोटी खाइए, बच्चों को पढ़ाइएं, पानी बचाओ, जिंदगी बचाओ के जरिए समाज में जागरूकता फैलाने का प्रयास किया गया।
बग्गी में सवार रहे शहर काजी अहमद अली
जुलूस में शहर काजी अहमद अली पारंपरिक बग्गी में सवार रहे। उनके साथ बच्चे और बुजुर्ग भी परंपरागत परिधानों में नजर आए। साफा पहने बच्चे, युवा और बुजुर्गों का उत्साह देखते ही बन रहा था। युवा विभिन्न प्रकार के झंडे हाथों में लिए पूरे जोश के साथ चल रहे थे।
जुलूस के मार्ग में कई स्थानों पर स्वागत मंच लगाए गए, जहां समाजजनों का मिठाइयों, फल और पानी से स्वागत किया गया। खासतौर पर बच्चों को मिठाइयां और फल वितरित किए गए।
जुलूस के दौरान शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी लगातार रूट पर निगरानी करते रहे, जिससे कोई अव्यवस्था न हो और आयोजन शांतिपूर्वक संपन्न हो सके।
जुलूस आबकारी चौराहा से लोहार रोड़, हरदेवलाला पिपली, तोपखाना, गणेश देवरी, डालूमोदी बाजार, महलवाड़ा चौराहा, सूरजपोल, मोचीपुरा, हाथीखाना रोड, मेहंदीकुई बालाजी मंदिर तिराहा, छत्रीपुल, स्टेशन रोड थाना, दो-बत्ती पहुंचा। यहां से न्यू रोड, लोकेंद्र टॉकिज, शहर शराय, शहीद चौक, आबकारी चौराहा पर पहुंचकर समापन हुआ।
रतलाम में ईद मिलादुन्नबी का जुलूस तिरंगे-इस्लामी झंडों के साथ निकला
