खबर पक्की, 16 अगस्त, रतलाम। अमृत सागर तालाब के निकट गाय के बछडे का कटा सिर मिलने से इलाके मेें तनाव व्याप्त हो गया है। बछडे का कटा सिर मिलने की खबर इलाके में आग की तरह फैली और देखते ही देखते बडी संख्या में लोग वहां एकत्रित हो गए। इस तरह की हरकत करने वालों के खिलाफ कार्यवाही की मांग को लेकर हिन्दूवादी संगठनों ने बाजना बस स्टैण्ड चौराहे पर चक्काजाम कर दिया है। बडी संख्या में पुलिस बल भी मौके पर पंहुच गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शनिवार सुबह अमृत सागर तालाब के पास कचरा संग्र्रहण केन्द्र के पास गाय के बछडे का कटा सिर और कुछ अन्य अंग देखे गए। इस बात की खबर फैलते ही वहां भारी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। गाय के बछडे का कटा सिर मिलने से इलाके में तनाव व्याप्त हो गया।
स्थानीय लोगों के कहना है कि पहले भी इस प्रकार की हरकतें हो चुकी है। घटना के चलते लोग आक्रोशित हो गए और हिन्दूवादी संगठनों ने बाजना बस स्टैण्ड पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि इस प्रकार की हरकतें करने वालों को खोज कर उन्हे दण्डित किया जाए। प्रदर्शनकारी बछडे का कटा सिर एक कपडे में बान्ध कर अपने साथ ही रखकर धरना दे रहे हैैं।
चक्काजाम की सूचना मिलते ही माणकचौक थाना प्रभारी अनुराग यादव समेत अनेक पुलिस अधिकारी मौके पर पंहुच गए। पुलिस अधिकारी आक्रोशित लोगों को समझाइश देकर शान्त करने का प्रयास कर रहे है। समाचार लिखे जाने तक चौराहे पर लोगों का धरना जारी है। दूसरी ओर यह भी कहा जा रहा है कि उक्त गौवंश की बीमारी के कारण मौत हुई थी,और इसके बाद उसके कटे हुए अंग यहां फेंक दिए गए थे।
बछडे का कटा सिर मिलने से आक्रोश फैला,बाजना बस स्टैण्ड पर हिन्दू संगठनों का चक्काजाम
