खबर पक्की, 31 जुलाई, रतलाम। सरवन थाना क्षेत्र के साखंड़ गांव के रहने वाले 14 वर्षीय पप्पू पिता हूकिया की इलाज के दौरान मौत हो गई। सोमवार को उसे उल्टी-दस्त की शिकायत हुई थी। परिजन उसे सरवन के एक प्राइवेट क्लिनिक पर झोलाछाप डॉक्टर अशोक मईड़ा के पास ले गए। वहां उसे दो इंजेक्शन लगाए गए और दवाइयां दी गईं। इलाज के बाद उसे घर भेज दिया गया।
मंगलवार को पप्पू के पैर में इंजेक्शन की जगह पर काफी सूजन आ गई, जो पैर के नीचे तक फैल गई। तबीयत ज्यादा बिगडऩे पर परिजन उसे सकरावदा के एक प्राइवेट क्लिनिक ले गए, लेकिन वहां इलाज करने से मना कर दिया गया। बुधवार सुबह परिजन पप्पू को रतलाम लेकर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
मौत की खबर लगते ही क्लिनिक बंद कर फरार
किशोर की मौत की खबर मिलते ही अशोक मईड़ा ने सरवन स्थित अपना क्लिनिक बंद कर दिया और फरार हो गया। मेडिकल ऑफिसर डॉ. दीपक डामोर ने बताया कि परिजन बुधवार सुबह शव लेकर अस्पताल पहुंचे थे। पुलिस को सूचना दी गई और शव को मेडिकल कॉलेज पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। अशोक मईड़ा का क्लिनिक घटना के बाद से बंद है। आगे की जांच पुलिस रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।
पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की
सरवन थाना एएसआई काशीराम अलावे ने बताया कि किशोर को सोमवार को झोलाछाप डॉक्टर ने इंजेक्शन लगाया था। इसके बाद पैर में सूजन आई और बुधवार को उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
दो दिन से चल रही कार्रवाई, लेकिन झोलाछाप लापता
मेडिकल विभाग की टीम दो दिन से क्षेत्र में झोलाछापों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। लेकिन किशोर की मौत के जिम्मेदार अशोक मईड़ा का क्लिनिक बंद मिला और वह खुद फरार है। अधिकारियों का कहना है कि मौत के सही कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही लगेगा।
झोलाछाप के इलाज से 14 साल के किशोर की मौत : उल्टी-दस्त पर लगाया इंजेक्शन, पैर में सूजन आई, रतलाम ले जाते वक्त रास्ते में तोड़ा दम
